मुलताई (नवदुनिया न्यूज)। प्रभात पट्टन जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सोनाली विनोद इरपाचे ने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित काश्मीरा धुर्वे से दो मत अधिक लेकर जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 24 जनपद सदस्यों द्वारा मत दिए। जिसमें कश्मीरा धुर्वे को 11 मत हासिल हुए हैं वहीं सोनाली इरपाचे ने 13 मत हासिल किए। उपाध्यक्ष पद पर 15 मत लेकर कांग्रेस समर्थित देवीराम बनखेड़े ने जीत हासिल की है। उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित राजेश पंवार ने नौ मत हासिल किए। कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले प्रभात पट्टन क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के जनपद अध्यक्ष बनने पर भाजपाईयों में भारी हर्ष नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि प्रभात पट्टन जनपद में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का जनपद अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था लेकिन क्रास वोटिंग के चलते बाजी भाजपा ने मार ली। बताया जा रहा है कि ऐन समय पर कांग्रेस के हाथ से जीत फिसलकर भाजपा के खाते में आ गई। भाजपा समर्थित प्रत्याशी सोनाली विनोद इरपाचे के जनपद अध्यक्ष बनते ही वहां मौजूद भाजपाईयों ने आतिशबाजी करके गाजे बाजे के साथ खुशी का इजहार किया।
कांग्रेस के गढ़ में भाजपा ने लगाई सेंधः
जनपद अध्यक्ष के चुनाव में लंबे समय बाद भाजपा ने जीत हासिल की है जिसका श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जिला पंचायत सदस्य राजा पंवार तथा नरेश फाटे को दिया जा रहा है। जिनकी चुनाव में कुशल रणनीति के चलते पांसा पलट गया एवं भाजपा ने जीत हासिल की है। भाजपा के चिंटू खन्नाा तथा नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि भाजपा ने पहले मुलताई जनपद में जीत का परचम लहराया जिसके बाद कांग्रेस के गढ़ प्रभात पट्टन क्षेत्र में भी अभूतपूर्व जीत हासिल की जिससे प्रभात पट्टन क्षेत्र में अब भाजपा का वर्चस्व बढ़ा है। इधर मुलताई तथा प्रभात पट्टन की दोनों जनपद पंचायत में अध्यक्ष काबिज होने से भाजपाईयों में उत्साह बना हुआ है।
उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में:
प्रभात पट्टन जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद पर जहां भाजपा ने बाजी मारी वहीं उपाध्यक्ष के पद पर कांग्रेस प्रत्याशी देवीराम बनखेड़े ने 15 मत हासिल कर भाजपा समर्थित राजेश पंवार को छह मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ होने के पूर्व कांग्रेस के साथ लगभग 15 प्रत्याशी नजर आ रहे थे जिनका मत तो उपाध्यक्ष को मिला लेकिन अध्यक्ष पद के लिए क्रास वोटिंग होने से कांग्रेस के हाथों अध्यक्ष पद निकल गया।