MP के बैतूल में बारात ले जा रहा वाहन पलटा, दो की मौत, दर्जन भर घायल, छत्तीसगढ़ में कार के उड़े परखच्चे, युवती की मौत, दो गंभीर
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, अंबिकापुर में सड़क हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
Publish Date: Wed, 27 May 2026 08:25:57 PM (IST)Updated Date: Wed, 27 May 2026 08:49:23 PM (IST)
अंबिकापुर में कार के खंभे से टकराने से युवती की मौत जबकि दो युवक गंभीर रूप घायल हो गए हैं।HighLights
- सिंगोट गांव से बारात बगडोना जा रही थी
- कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही
- अंबिकापुर में खंभे से टकराई कार, युवती की मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बारात लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक महिला और एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना बैतूल-खंडवा-आशापुर मार्ग पर महूपानी गांव के पास दोपहर के समय हुई।
सिंगोट गांव से बारात बगडोना जा रही थी
पुलिस के अनुसार, खंडवा जिले के सिंगोट गांव से बारात लेकर वाहन बैतूल जिले के बगडोना जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में पिकअप चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया।
कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी सहायक उप-निरीक्षक जयपाल सिंह रघुवंशी ने बताया कि हादसे में भूरीबाई गोस्वामी (55) और मयूर गोस्वामी (8) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब एक दर्जन बाराती घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
अंबिकापुर में खंभे से टकराई कार, युवती की मौत, दो युवक गंभीर
वहीं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के खरसिया चौक में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब दो बजे का बताया जा रहा है। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए
मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर खरसिया चौक पर लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में महमाया पारा निवासी वर्षा कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार बौरीपारा निवासी सागर बेहरा तथा क्रांतिप्रकाशपुर निवासी अलीसर अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर स्थिति देखते हुए रायपुर रेफर किया गया
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रायपुर रेफर कर दिया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे चौक पर लगे खंभे से जा भिड़ी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। यह भी पता नहीं चल पाया है कि देर रात तीनों युवक-युवती कहां से लौट रहे थे और दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही।