
डिजिटल डेस्क, बैतूल। शुक्रवार तड़के मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में नेशनल हाईवे पर कार और कंटेनर ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
शाहपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी नीरज पाल ने पत्रकारों को बताया कि यह हादसा रात करीब 1:30 बजे नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे पर बरेठा घाट के पास हुआ, जो जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर है।
उन्होंने बताया कि कार में सवार चारों लोग महाराष्ट्र के चंद्रपुर के रहने वाले थे। वे आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में स्थित मां बगलामुखी मंदिर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार कार सामने से आ रहे एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई। मृतकों की पहचान वकील राजू हेपट (50) और राहुल कनाके (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कार में सवार अन्य 2 लोग, सूरज धोके (27) और निखिल पावड़े (30) घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे चंद्रपुर लौट गए। पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।