भिंड में विद्यार्थियों ने ली दीपावली पर पटाखे न चलाने की शपथ, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ऐसा शौक नहीं अपनाना चाहिए, जो स्वयं के साथ दूसरों के जीवन के लिए भी खतरा बने।
Publish Date: Fri, 06 Nov 2026 12:06:06 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Nov 2026 12:06:33 PM (IST)
हाथ उठाकर शपथ लेतीं स्कूली छात्राएं व अन्य। नईदुनियाHighLights
- 30 विद्यार्थियों ने ली शपथ
- पटाखों से प्रदूषण और जीव हानि
- पर्यावरण अनुकूल दीपावली का संदेश
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। दीपावली पर पर्यावरण संरक्षण और जीव हिंसा रोकने के उद्देश्य से पार्श्वनाथ युवा संगठन ने सम्यकज्ञान स्कूल, कीर्ति स्तंभ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 30 छात्र-छात्राओं ने दीपावली पर पटाखे नहीं चलाने की शपथ ली।
संगठन के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को पटाखों से होने वाले नुकसान की जानकारी देकर सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया।
ऐसा शौक नहीं अपनाना चाहिए, जो दूसरों के जीवन के लिए भी बने खतरा
कार्यक्रम में संगठन अध्यक्ष सोनू जैन (अटेर) ने कहा कि पृथ्वी पर सभी जीवों को समान रूप से जीने का अधिकार है, लेकिन आतिशबाजी से पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ ही छोटे जीवों और पक्षियों को भी नुकसान पहुंचता है।
पटाखों की तेज आवाज और धुएं से जीव-जंतुओं का जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि ऐसा शौक नहीं अपनाना चाहिए, जो स्वयं के साथ दूसरों के जीवन के लिए भी खतरा बने।
विद्यार्थियों के संकल्प की संगठन पदाधिकारियों और विद्यालय के शिक्षकों ने सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय संचालक वीरेंद्र जैन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। समापन पर संगठन की ओर से विद्यार्थियों को चाकलेट वितरित की गईं।