भिंड में बिना डिग्री क्लीनिक चला रहा था भाजपा नेता... पेट दर्द पर युवक को चढ़ाई ड्रिप, मौत; केस दर्ज कर क्लीनिक सील
MP Crime News Bhind: स्वजनों ने पुलिस को बताया कि पेट दर्द होने पर विश्वास को क्लीनिक ले जाया गया था, जहां उसे दवा देने के साथ दो बोतलें चढ़ाई गईं। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। भिंड ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 09:39:05 AM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 09:39:52 AM (IST)
भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह का विधि क्लीनिक व मेडिकल स्टोर, जिसे सील कर दिया गया है। फर्जी डॉक्टर और जान गंवाने वाले युवक का फाइल फोटो। नईदुनियाHighLights
- गलत इलाज से युवक की मौत का आरोप
- 6 घंटे रौन थाने का घेराव, संचालक फरार
- प्रशासन ने क्लीनिक और मेडिकल किया सील
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। जिले के रौन थाना अंतर्गत मेंहदवा निवासी 22 वर्षीय विश्वास राजावत की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजन ने रौन बाजार में भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुशवाह पर गलत उपचार करने का आरोप लगाया है। पुष्पेंद्र पर मेडिकल की कोई भी डिग्री नहीं है। स्वजन के अनुसार पेट दर्द होने पर विश्वास को क्लीनिक ले जाया गया था, जहां उसे दवा देने के साथ दो बोतलें चढ़ाई गईं। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। भिंड ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
थाने पर प्रदर्शन करते आक्रोशित परिजन व ग्रामीण। नईदुनिया
आक्रोशि लोगों ने 6 घंटे रौन थाना घेरा
घटना से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे रौन थाने का घेराव कर दिया। करीब छह घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान स्वजन विधि मेडिकल एवं क्लीनिक के संचालक पुष्पेंद्र कुशवाह पर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने का भरोसा दिए जाने के बाद आक्रोशितों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया। देर शाम पुलिस ने क्लीनिक संचालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज ली है, फिलहार आरोपित फरार है।
मेडिकल और क्लीनिक सील, संचालक फरार
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विधि मेडिकल एवं क्लीनिक को सील कर दिया। संचालक पुष्पेंद्र कुशवाह के फरार होने की बात सामने आई है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि संचालक का राजनीतिक प्रभाव है। उनका यह भी आरोप है कि वर्ष 2024 में भी इसी संचालक के यहां इलाज के बाद एक युवक की मौत हुई थी। हालांकि इस आरोप की पुलिस जांच करेगी। विश्वास दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसने 16 अगस्त को रेलवे की परीक्षा दी थी और अन्य सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। स्वजन मामले में कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
निजी क्लीनिक पर उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। पीड़ित स्वजन ने कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। उनकी मांग के आधार पर क्लीनिक संचालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। - राजवीर सिंह, गुर्जर टीआई थाना, रौन।