भिंड में कुत्ते की पीट-पीटकर हत्या, कोतवाली थाने में पशु क्रूरता का मामला दर्ज; आरोपी की तलाश जारी
भिंड समाचार: समिति की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शंकर सिंह कुशवाह नामक व्यक्ति ने पशु ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 08 Sep 2026 04:31:20 PM (IST)Updated Date: Tue, 08 Sep 2026 04:31:48 PM (IST)
वनखंडेश्वर रोड पर डंडे से कुत्ते को पीटता व्यक्ति। वीडियाग्रैबHighLights
- गोपाल गौशाला के पास मृत मिला पशु
- शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा
- समिति ने निष्पक्ष जांच की मांग की
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के वनखंडेश्वर रोड स्थित गोपाल गौशाला के पास मंगलवार सुबह एक कुत्ता मृत अवस्था में मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान और मुंह से खून निकलने की बात सामने आई है। इंसानियत समिति ने पशु के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। समिति ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
समिति की टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची
इंसानियत समिति के अध्यक्ष अनंत इंसानियत के अनुसार मंगलवार सुबह उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि गोपाल गौशाला के पास एक बेजुबान पशु गंभीर अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही समिति की टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने वहां पहुंचकर देखा तो पशु मृत अवस्था में पड़ा था। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, उसके मुंह से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
स्थानीय लोगों ने लगाया मारपीट का आरोप
समिति की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शंकर सिंह कुशवाह नामक व्यक्ति ने पशु के साथ मारपीट की थी। आरोप यह भी लगाया गया कि मारपीट के बाद पशु को रस्सी से बांधकर बड़े पत्थर के सहारे छोड़ दिया गया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस से मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
पोस्टमार्टम से सामने आएगा मौत का कारण
घटना की गंभीरता को देखते हुए मृत पशु का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पशु की मौत के वास्तविक कारण और शरीर पर आई चोटों की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
कुत्ते को पीट-पीटकर मारने की शिकायत मिली है। एक युवक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। - मुकेश शाक्य, टीआई थाना सिटी कोतवाली