ग्वालियर में डाक लगाने के बाद भिंड लौटे ट्रैफिक कांस्टेबल ने घर में फांसी लगाई, पत्नी ने देख दी सूचना
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और जिला अस्पताल भिजवाया।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 09:20:47 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 09:26:24 AM (IST)
मृतक सुरेंद्र जाटव का फाइल फोटो और पीएम हाउस के बाहर खड़े स्वजन। नईदुनियाHighLights
- देर रात घर पहुंचकर उठाया आत्मघाती कदम
- पत्नी ने फंदे पर लटका देख पुलिस को दी सूचना
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना क्षेत्र के मिश्रन का पुरा अटेर रोड पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात शिवपुरी ट्रैफिक पुलिस में पदस्थ एक आरक्षक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरक्षक ग्वालियर में डाक लगाने के लिए आए थे।
करीब 1.30 बजे कमरे में लगा ली फांसी
इसके बाद देर रात घर पहुंचकर बच्चों का हालचाल जाना और करीब 1.30 बजे कमरे में फांसी लगा ली। पत्नी ने उन्हें फंदे पर लटका देखा तो स्वजन और आसपास के लोगों को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार 42 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र रामप्रकाश जाटव निवासी मिश्रन का पुरा अटेर रोड शिवपुरी ट्रैफिक पुलिस में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। गुरुवार को वह विभागीय काम से ग्वालियर में डाक लगाने आए थे। इसके बाद देर रात अपने घर पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। बताया गया है कि उन्हें रात में ही वापस जाना था। इसी दौरान रात करीब 1.30 बजे उन्होंने घर के अंदर फांसी लगा ली।
पत्नी ने बच्चों को जगाया और पड़ोसियों को दी जानकारी
पत्नी अर्चना जाटव की नजर जब पति पर पड़ी तो वह फंदे पर लटके हुए थे। उन्होंने बच्चों को जगाया और पड़ोसियों को जानकारी दी। इसके बाद देहात थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। आरक्षक की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
परिवार को आत्महत्या के कारण का पता नहीं
मृतक अपने पीछे 21 वर्षीय बेटी अंकिता और 17 वर्षीय बेटे सहित परिवार छोड़ गए हैं। पत्नी अर्चना और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजनों के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं है कि सुरेंद्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।