भिंड में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने आए परिजनों को भी पीटा
पुलिस ने सात आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज किया और उनकी तलाश में जुटी है।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 08:42:10 AM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 08:42:43 AM (IST)
HighLights
- शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद
- छह साथियों के साथ घर में घुसकर हमला
- सात आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
नईदुनिया न्यूज, दबोह (भिंड)। दबोह में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच छह साथियों के साथ युवक के घर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए युवक स्वजन को भी पीटकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
राजकुमार अपने 6 साथियों के साथ शैलेंद्र के घर पहुंचा
दबोह थाना के मुताबिक सरकारी आवास निवासी शैलेन्द्र परिहार उर्फ शीलू पुत्र कन्हई से पड़ोस में रहने वाला राजकुमार सविता शराब पीने के लिए रुपये मांग रहा था। शैलेन्द्र ने मना कर दिया, इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात राजकुमार अपने छह साथियों के साथ शैलेन्द्र के घर पहुंचा। सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरोपियों की तलाश जारी
हमले में शैलेन्द्र को बचाने पहुंचे उसके भाई रविंद्र, मां सरमन और भाभी रामबती को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी राजकुमार सविता, देवेंद्र विश्वकर्मा, जितेंद्र विश्वकर्मा, उन्नी पंडित, प्रशांत सविता, पवन सविता और आशा सविता के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने युवक के घर पहुंचकर मारपीट की। घायल युवक की रास्ते में मौत हो गई। एक महिला सहित सात आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर तलाश की जा रही है। - रवि उपाध्याय, थाना प्रभारी दबोह।