खेत की जुताई कर घर लौट रहे युवक की मौत, अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर
भिंड क्राइम समाचार: घटना की सूचना मिलने पर बरासों थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 05:03:05 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 05:03:53 PM (IST)
जिला अस्पताल के पीएम हाउस के बाहर बैठे मृतक सोनू कुशवाह के स्वजन। नईदुनियाHighLights
- मोहनपुरा गढ़पारा में रात के वक्त हुआ हादसा
- ट्रैक्टर के नीचे दबने से गंभीर रूप से घायल हुआ सोनू
- जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। बरासों थाना क्षेत्र के मोहनपुरा गढ़पारा गांव में बुधवार रात खेत की जुताई कर ट्रैक्टर से घर लौट रहे युवक की हादसे में मौत हो गई। खेत से लौटते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलटा
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय सोनू कुशवाह पुत्र रामसिया कुशवाह निवासी मोहनपुरा गढ़पारा बुधवार को अपने खेत की जुताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर गया था। रात करीब साढ़े 8 बजे खेत की जुताई पूरी करने के बाद वह ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। इसी दौरान खेत के रास्ते में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सोनू ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और स्वजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला।
इसके बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बरासों थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
ट्रैक्टर पलटने से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जांच की जा रही है। - शैलेंद्र रावत, थाना प्रभारी बरासों थाना