भाई के साथ बाजार जा रही युवती ने स्कूटी रुकवाकर गौरी सरोवर में लगाई छलांग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद भी सुराग नहीं
सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया। शाम 6.30 बजे तक युवती की तलाश जारी थी।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 07:26:57 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 07:27:45 PM (IST)
गौरी सरोवर में युवती अंजलि बघेल को तलाशती एसडीईआरएफ टीम। नईदुनियाHighLights
- स्कूटी रुकवाकर लगाई छलांग
- सरोवर में रेस्क्यू ऑपरेशन
- मौके पर जुटी लोगों की भीड़
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के गौरी सरोवर किनारे शनि मंदिर के पास शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब छोटे भाई के साथ स्कूटी से बाजार जा रही 18 वर्षीय युवती ने सरोवर में छलांग लगा दी। घटना दोपहर करीब 3.30 बजे की है। युवती के सरोवर में कूदने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया। शाम 6.30 बजे तक युवती की तलाश जारी थी।
भाई से स्कूटी रूकवाई और सरोवन में लगा दी छलांग
जानकारी के अनुसार सीतानगर निवासी अंजली पुत्री मुकेश बघेल शनिवार दोपहर अपने छोटे भाई आर्यन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। दोनों गौरी सरोवर किनारे शनि मंदिर के पास पहुंचे, तभी अंजली ने अपने भाई से स्कूटी रोकने को कहा। स्कूटी रुकते ही वह नीचे उतरी और अचानक सरोवर में छलांग लगा दी। यह देखकर उसका भाई घबरा गया। आसपास मौजूद लोगों ने भी युवती को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
गोताखोरों ने सरोवर में युवती की तलाश की
इसके बाद आर्यन ने अपने पिता को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे। वहीं देहात थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और युवती की तलाश के लिए एसडीईआरएफ को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गोताखोरों और बचाव दल ने सरोवर में युवती की तलाश की, लेकिन शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद सरोवर किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई।
युवती के गौरी सरोवर में छलांग लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। युवती की तलाश की जा रही है। - शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई थाना देहात।