किशोरी को अगवा कर 40 हजार रुपये में बेचने और दुष्कर्म का आरोप, जीजा-साला गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में एक भिंड जिले के रौन क्षेत्र के बसंतपुरा का रहने वाला है, जबकि दूसरा कानपुर देहात का निवासी बताया गया है।
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 08:21:22 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 08:21:53 PM (IST)
उप्र के अयाना पुलिस के गिरफ्त में आरोपी जीजा-साला। नईदुनियाHighLights
- झांसा देकर किया अगवा
- कोर्ट में दर्ज हुए बयान
- दोनों आरोपी भेजे गए जेल
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। उप्र के अयाना थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी को अगवा कर 40 हजार रुपये में बेचने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने जीजा-साले को गिरफ्तार किया है। बबाइन चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार दोपहर दोनों आरोपियों को जगतपुर गांव के बाहर कानपुर-इटावा हाईवे किनारे से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में एक भिंड जिले के रौन क्षेत्र के बसंतपुरा का रहने वाला है, जबकि दूसरा कानपुर देहात का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार किशोरी का 30 अगस्त को अयाना थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहरण हुआ था। स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था। इसके बाद न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए गए।
लवकुश 30 अगस्त को किशोरी को ले गया था अपने साथ
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल के अनुसार किशोरी ने अपने बयान में आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश निवासी लवकुश उसे 30 अगस्त को अपने साथ ले गया था।
आरोप है कि बाद में उसने किशोरी को अपने साले गोलू उर्फ बबलू के हाथ 40 हजार रुपये में बेच दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में दुष्कर्म सहित अन्य धाराएं बढ़ाई हैं।
पुलिस ने शुक्रवार को भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी लवकुश और कानपुर देहात के सट्टी थाना क्षेत्र के शाहजहापुर निवासी उसके साले गोलू उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
किशोरी के बयान के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। - जयप्रकाश पाल, थानाध्यक्ष, अयाना उप्र