शराब के नशे में विवाद के बाद जीजा ने साले के सिर पर पत्थर मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा आनंद को गिरफ्तार कर लिया।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 10:13:47 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 10:14:20 AM (IST)
एआई से बनी घटना की इमेज और मृतक सूरज का फाइल फोटो।HighLights
- नशे में साले के घर पहुंचा था जीजा आनंद
- कहासुनी के बाद पत्थर से वार कर ली जान
- गोहद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, गोहद (भिंड)। गोहद थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4 स्थित राइस मिल के पीछे बुधवार रात करीब 10 बजे एक जीजा ने अपने साले के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नशे में जीजा साले सूरज के घर पहुंचा
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय सूरज पुत्र जगदीश जाटव निवासी राइस मिल, गोहद बुधवार रात अपने घर पर था। इसी दौरान उसका 22 वर्षीय जीजा आनंद पुत्र कल्याण जाटव निवासी श्यामपुर, मेहगांव वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि आनंद गोहद में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। वह शराब के नशे में था। इसके बाद वह अपने साले सूरज के घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर आनंद ने साले के सर पर मार दिया पत्थर
विवाद बढ़ने पर आनंद ने पास में पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर सूरज के सिर पर मार दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से सूरज की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी आनंद को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच जीजा-साले का रिश्ता सामने आया है। - नरेंद्र सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी, गोहद जिला भिंड