भिंड में आलू से भरे ट्रक की टक्कर से बेकाबू ट्राला मकान में घुसा, हादसे में तीन लोग घायल; एक ग्वालियर रेफर
सूचना पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से एक घायल को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 01:50:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 01:51:11 PM (IST)
घर में घुसा ट्राला और क्षतिग्रस्त खड़ा आलू से भरा ट्रक। नईदुनियाHighLights
- रात में तेज धमाके की आवाज से दहशत
- मकान में पांच से छह लाख का नुकसान
- गंभीर घायल युवक ग्वालियर रेफर
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के ग्वालियर रोड पर व्हाइट हाउस के पास रविवार रात करीब 2.45 बजे बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर खड़े ट्राले में पीछे से आलू से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से एक घायल को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया।
ट्रक ने पीछे से ट्राले में मार दी टक्कर
जानकारी के अनुसार व्हाइट हाउस के पास ग्वालियर रोड पर एक ट्राला पिछले तीन दिन से सड़क किनारे खड़ा था। रविवार रात आलू से भरा ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजे 0103 वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक ने पीछे से ट्राले में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्राला सीधे आनंद गुप्ता के मकान में घुस गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। घटना में ट्रक ड्राइवर सहित तीन लोग घायल हुए हैं। हालांकि एक युवक जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर कर दिया है।
रात करीब 2.45 बजे अचानक तेज धमाके जैसी आई आवाज
53 वर्षीय आनंद पुत्र नारायणदास गुप्ता ने बताया कि वह घर के बाहर वाले हाल में सो रहे थे। रात करीब 2.45 बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई। ऐसा लगा मानो विस्फोट हो गया हो। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग जाग गए। बाहर आकर देखा तो ट्राला मकान के अंदर घुसा हुआ था। इसके बाद देहात थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस करीब 3.15 बजे मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मकान में 5 से 6 लाख रुपये का नुकसान
मकान मालिक आनंद गुप्ता के मुताबिक ट्राले के मकान में घुसने से घर का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने करीब 5 से 6 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान जताया है। उन्होंने कलेक्टर से मकान की क्षति का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। इनमें से एक को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। - शिवप्रतापसिंह राजावत, टीआई थाना देहात