भिंड के अटेर में अब ट्रेकिंग, बोट सफारी और होमस्टे से संवरेगा पर्यटन
अब एक बार फिर प्रशासन ने पर्यटन विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 02:17:46 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 02:25:10 PM (IST)
अटेर महोत्सव का फाइल फोटेा।HighLights
- दिसंबर से दिन और पूर्णिमा की रात में होगी बीहड़ ट्रेकिंग
- ग्रामीणों की मदद से बनेंगे होमस्टे, किले में खुलेगी कैंटीन
- बोट सफारी में दिखेंगे डॉल्फिन, घड़ियाल और दुर्लभ कछुए
मनोज श्रीवास्तव, नईदुनिया, भिंड। चंबल के बीहड़, ऐतिहासिक अटेर किला और नदी की प्राकृतिक सुंदरता जिले को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में पहचान दिला सकती है। वर्ष 2022 में 27 और 28 नवंबर को आयोजित अटेर महोत्सव ने इस दिशा में उम्मीद जगाई थी। उस समय महोत्सव को प्रतिवर्ष आयोजित करने की घोषणा भी हुई, लेकिन दो साल आयोजन के बाद यह सिलसिला बंद हो गया। इसके बाद अटेर क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाएं तो बनी रहीं, लेकिन पर्यटकों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित नहीं हो सकीं। अब एक बार फिर प्रशासन ने पर्यटन विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
29 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर पवन जैन और एसपी सूरज वर्मा ने अटेर किले से चंबल के घाटों तक निरीक्षण कर पर्यटन विकास की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया था। चंबल किनारे ऊंट सफारी जैसे प्रयोग भी शुरू हुए हैं। अब ट्रेकिंग, बोट सफारी और होमस्टे के जरिए अटेर को पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी है।
दिन में बीहड़ की सैर, रात में चांदनी के बीच ट्रेकिंग
प्रशासन दिसंबर से अटेर के बीहड़ और चंबल नदी किनारे ट्रेकिंग शुरू कराने की तैयारी कर रहा है। इसमें पर्यटकों को दिन के साथ पूर्णिमा की रात में चांदनी के बीच भी ट्रेकिंग कराई जाएगी। एक दल में 10 से 15 पर्यटक शामिल होंगे। इससे पर्यटक चंबल के बीहड़, प्राकृतिक रास्तों और नदी के आसपास के मनोरम नजारों को करीब से देख सकेंगे। हालांकि इसके लिए सुरक्षा, प्रशिक्षित गाइड और जरूरी इंतजाम भी महत्वपूर्ण होंगे।
होमस्टे में मिलेगा देसी भोजन, किले में खुलेगी कैंटीन
- फिलहाल अटेर आने वाले पर्यटकों के सामने सबसे बड़ी समस्या रात में रुकने और भोजन की व्यवस्था की है। इसे देखते हुए प्रशासन ग्रामीणों की मदद से चार से पांच होमस्टे तैयार कराने की योजना बना रहा है।
- यहां पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और देसी अंदाज में मोटे अनाज से तैयार भोजन परोसा जाएगा। इसके अलावा तहसील कार्यालय के सामने स्थित रेस्ट हाउस को पर्यटकों के ठहरने के लिए खोलने और अटेर किला परिसर में कैंटीन शुरू करने की तैयारी है।
इन सुविधाओं से किला देखने, ऊंट सफारी और ट्रेकिंग के लिए आने वाले पर्यटकों को राहत मिल सकेगी। बोट सफारी से दिखेंगे डॉल्फिन, घड़ियाल और दुर्लभ कछुए
चंबल नदी में बोट सफारी शुरू कराने की भी योजना है। इसके लिए कलेक्टर वन विभाग और चंबल सेंक्चुरी के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। बोट सफारी शुरू होने पर पर्यटक नदी के प्राकृतिक नजारों के साथ दुर्लभ कछुए, डॉल्फिन, घड़ियाल, मगरमच्छ और देश-विदेश से आने वाले प्रवासी पक्षियों को देख सकेंगे। अटेर के साथ खैराहट स्थित ब्रिज टेंपल और अन्य दर्शनीय स्थलों को भी पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की योजना है।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी पर्यटन सर्किट से जोड़ेंगे
जिले में पर्यटन को केवल अटेर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। प्रस्तावित पर्यटन सर्किट में मेहगांव क्षेत्र के दंदरौआ धाम, रावतपुरा धाम, कांक्सी मंदिर, आलमपुर की होल्कर छत्री, गोहद किला और बंधा सहित अन्य स्थलों को शामिल करने की तैयारी है। इससे धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन को एक साथ बढ़ावा मिल सकता है।
अटेर क्षेत्र में चंबल नदी और बीहड़ के किनारे पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। दिसंबर से दिन और पूर्णिमा की रात में ट्रेकिंग शुरू कराने की तैयारी है। पर्यटकों के ठहरने के लिए होमस्टे, रेस्ट हाउस और भोजन के लिए कैंटीन की व्यवस्था भी की जा रही है। बोट सफारी शुरू करने के लिए वन विभाग और चंबल सेंक्चुरी के अधिकारियों से चर्चा की गई है। - पवन जैन, कलेक्टर भिंड