
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना पुलिस ने 37 लाख रुपये की चोरी के मामले में आठ माह से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कुछ दिनों बाद दूल्हा बनने वाला था। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार 9 और 10 सितंबर 2025 की दरमियानी रात कचोंगरा गांव में मुख्तार सिंह के घर बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। बदमाशों ने घर का रोशनदान तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नगदी समेत करीब 37 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक आरोपी बलदेव गोले पुत्र अजमेर चौहान निवासी गुदावली मेहगांव लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी बलदेव चोरी का सोना-चांदी गलवाकर गुजरात चला गया था, जहां वह निजी काम कर रहा था। इसी बीच परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। आरोपी की शादी 12 जून को होना थी। वह विवाह की तैयारियों के लिए चुपचाप अपने गांव लौट आया था।