Bhind Accident News: लोडिंग वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मारी, 30 फीट दूर तक घसीटा, दादी-पोते की मौत
भिंड-पोरसा नेशनल हाइवे पर एक लोडिंग वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दादी की मौके पर मौत हो गई और पोता-पोती गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्वालियर ले जाते समय पोते की भी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने आधे घंटे तक हाईवे जाम किया।
Publish Date: Mon, 19 May 2025 06:54:42 PM (IST)
Updated Date: Mon, 19 May 2025 10:09:36 PM (IST)
भिंड में दर्दनाक सड़क हादसे से उजड़ा परिवार। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- दादी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।
- ग्वालियर ले जाते समय पोते की मौत।
- ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड-पोरसा नेशनल हाइवे 552 पर अटेर थाना क्षेत्र के उदोतगढ़ के पास लोडिंग वाहन ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। लोडिंग वाहन बाइक सवारों को 30 फीट तक घसीटते हुए ले गया, जिसमें जिसमें दादी की मौके पर मौत हो गई। पोता और उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से पिता-पुत्री की गंभीर हालत देखते हुए परिजन ग्वालियर ले गए। रास्ते में पिता की भी मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे की है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
दादी को उनके मायके ले गया था पोता
- जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय फूलन देवी पत्नी मोतीराम भदौरिया निवासी गढ़ेर थाना अटेर का मायका पाेरसा के रतनपुरा गांव में है। फूलनदेवी के मायके में किसी के निधन हो गया था। सोमवार को वह अपने पोते 26 वर्षीय जितेंद्र पुत्र उदयभान सिंह भदौरिया और पोते की बेटी 5 वर्षीय ऋष्टि पुत्री जितेंद्र सिंह भदौरिया को लेकर फेरा करने के लिए मायके गई थी।
- दोपहर करीब एक बजे वह मायके से अपने गांव लौट रही थी। उदोतपुरा गांव के पास सामने से आ रही लोडिंग वाहन क्रमांक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लोडिंग वाहन बाइक सहित सवारों को 30 फीट तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में दादी फूलनदेवी की मौके पर ही मौत हो गई।
जितेंद्र और ऋष्टि गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को स्वजन तत्काल ग्वालियर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पिता जितेंद्र की मौत हो गई। इसके बाद स्वजन जितेंद्र का शव जिला अस्पताल लेकर आए। गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता था जितेंद्र
जितेंद्र के पिता करीब 3 साल पहले सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। वह घर पर ही रहते थे। जितेंद्र परिवार का खर्चा चलाने के लिए गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता था। मृतक की शादी आठ साल पहले मैनपुरी के निजामपुर निवासी लक्ष्मी से हुई थी। मृतक अपने पीछे दो बेटी ऋष्टि और 4 माह की बेटी छोड़ गया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने लगाया हाइवे पर जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अटेर-पाेरस हाइवे पर जाम लगा दिया। हादसे की सूचना मिलते ही अटेर पुलिस मौके पर पहुंच गई अौर ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। यह जाम करीब आधे घंटे तक चला।