
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। त्योहारों के दौरान शहर में जाम की समस्या दूर करने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और बेसहारा मवेशियों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।
इसमें कई अहम फैसले लिए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत काम नहीं करने वाले आयुष्मान कार्डिनेटर के खिलाफ तत्काल बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने नगर पालिका को दो से तीन दिन में नगर पालिका कार्यालय के पास बैरियर लगाने और उस पर रेडियम लगाने के निर्देश दिए। मेन बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश बंद किया जाएगा। सुभाष तिराहे पर साइन बोर्ड लगाकर भारी वाहनों को बाईपास की ओर मोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।
पुरानी गल्ला मंडी से मंशापूर्ण मंदिर के बीच दूसरी ओर भी बैरियर लगाया जाएगा, ताकि इंदिरा गांधी चौराहे से भारी वाहन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकें। एसपी सूरज कुमार वर्मा ने बैरियर के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, जिससे बैरियर को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान हो सके।
कलेक्टर ने नगर पालिका, पंचायत और पुलिस प्रशासन को शहर तथा प्रमुख सड़कों से बेसहारा मवेशियों को हटाकर चिह्नित गोशालाओं में सुरक्षित पहुंचाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ को दो-तीन पंचायतों को मिलाकर टीमें बनाने को कहा गया। मवेशियों को गोशाला भेजने में सहयोग नहीं करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिले के पांच ब्लैक स्पॉट पर गति सीमा कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाने, साइनेज लगाने और येलो सिग्नल लाइट लगाने के निर्देश एमपीआरडीसी को दिए गए। कलेक्टर ने सीएमएचओ को दुर्घटनाओं की जानकारी समय पर दर्ज करने और डेटा यातायात प्रभारी से साझा करने को कहा, ताकि पीएम राहत योजना के पात्र पीड़ितों को जल्द लाभ मिल सके। त्योहार से पहले मुख्य बाजार की सड़क दुरुस्त करने और शहर में सफाई कराने के निर्देश भी नगर पालिका सीएमओ को दिए गए।
कोई दुर्घटना न हो, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा के इंतजाम गंभीरता से किए जाएं। बेसहारा मवेशियों को सड़कों से हटाकर सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाएं, ताकि आमजन और मवेशियों की जान बचाई जा सके।
-पवन कुमार जैन, कलेक्टर, भिंड।