भिंड: बस न रोकने पर कंडक्टर का किडनैप, कार में ले जाकर बेरहमी से पीटा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Publish Date: Mon, 22 Jun 2026 03:50:25 PM (IST)Updated Date: Mon, 22 Jun 2026 03:50:52 PM (IST)
पीड़ित बस कंडक्टर गप्पन तोमर। नईदुनियाHighLights
- बस नहीं रोकने की मामूली बात पर पाली रंजिश
- पुलिस की नाकेबंदी और दबिश देखकर हाईवे पर छोड़ा
- छह नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में बस न रोकने की मामूली बात को लेकर एक बस कंडक्टर के साथ किडनैप और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि आधा दर्जन बदमाशों ने कंडक्टर को कार में जबरन बैठाकर अगवा कर लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
संतोष सिंह से बस ना रोकने की थी रंजिश
पुलिस के अनुसार फरियादी गप्पन पुत्र सूबेदार सिंह तोमर निवासी छीमका गोहद से ग्वालियर चलने वाली एक निजी बस में कंडक्टर का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले संतोष सिंह भदौरिया ने बस रुकवाने का प्रयास किया था, लेकिन बस नहीं रुक सकी।
इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश मानने लगा था। रविवार शाम करीब 5 बजे गप्पन को किसी व्यक्ति ने फोन कर छीमका के पास स्थित गोविंद ढाबा पर बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो पहले से कार में सवार संतोष सिंह भदौरिया, अभिषेक, शैलेंद्र, वरुण, आकाश और धर्मेंद्र सिंह, निवासी भदौरियन का पुरा, वहां मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर उससे विवाद शुरू कर दिया और जबरन कार में बैठाकर मालनपुर की ओर ले गए।
आरोपियों ने जान से मारने की दी धमकी
फरियादी का आरोप है कि आरोपियों ने रास्ते में उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और संभावित मार्गों पर नजर रखना शुरू कर दिया। पुलिस की हलचल देखकर आरोपी घबरा गए और कंडक्टर को नेशनल हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने गोहद चौराहा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है।
फरियादी की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।-रामनरेश यादव, टीआइ थाना गोहद