3 महीने पहले मुस्लिम युवती ने किया था प्रेम विवाह, मायके में मौत; पति पर लगा हत्या का आरोप
भिंड के मंगदपुरा में 17 वर्षीय मुस्कान खान शर्मा की संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने प्रेम विवाह करने वाले पति अभिषेक शर्मा पर हत्या और प्रताड़ना का आरोप...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 11 Jun 2026 09:54:24 AM (IST)Updated Date: Thu, 11 Jun 2026 09:54:24 AM (IST)
मुस्कान खान शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- 17 वर्षीय मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत।
- परिजनों ने पति अभिषेक शर्मा पर हत्या का आरोप।
- तीन महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना क्षेत्र में मंगदपुरा में 17 वर्षीय मुस्कान खान शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजन ने पति अभिषेक शर्मा पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार सुबह डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिजन के अनुसार मुस्कान खान ने करीब 3 महीने पहले 35 वर्षीय अभिषेक शर्मा निवासी घासीपुरा थाना अमायन से गौरी सरोवर किनारे स्थित अर्धनारेश्वर मंदिर में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद पति के साथ उसके गांव में रहने लगी। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद होने लगे। पति मारपीट करता था। यह शिकायत भी सामने आई।करीब एक माह पहले मुस्कान की मां सितारा खान उसे अपने साथ मायके ले आई थी।
पति कट्टा लेकर पहुंचा ससुराल
- आरोप है कि मंगलवार रात अभिषेक कट्टा लेकर मंगदपुरा स्थित ससुराल पहुंचा। मुस्कान को बाहर बुलवाया। परिजन का दावा है कि उसने युवती के दुपट्टे से उसका गला कसकर ई-रिक्शा के ढांचे से लटका दिया। मौके पर मौजूद मृतका के भाई गुलफान खान को कथित रूप से हथियार दिखाकर धमकाया गया, जिससे वह हस्तक्षेप नहीं कर सका।
- परिजन ने कहा कि घटना के बाद आरोपी वहां से चला गया। किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कुछ देर बाद मुस्कान की मां वापस लौटीं, तो बेटी को ई-रिक्शा के पास अचेत अवस्था में पड़ा पाया। सूचना मिलने पर डायल-112 और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा।