
नईदुनिया न्यूज, गोरमी (भिंड)। भिंड जिले के गोरमी में शुक्रवार रात करीब 9 बजे 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोली युवक के चेहरे में लगी है। लामान बाबा मंदिर गेट के पास खून से लहूलुहान युवक को पड़ा देखकर पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मी उसे गोरमी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष कमलेश बैशांदर का भतीजा था।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रिंकी (18) पुत्र बंटी बैशांदर निवासी ग्राम मोहनपुरा थाना गोरमी के रूप में हुई है। मोहनपुरा गांव गोरमी कस्बे से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित है। युवक की हत्या किसने और किन कारणों से की, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
वहीं पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक घटना स्थल तक कैसे पहुंचा और वारदात के पीछे क्या कारण रहे। मृतक के स्वजन और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
युवक की हत्या के पीछे क्या कारण रहे हैं, इस बारे में फिलहाल कुछ कहना मुश्किल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। - आशुतोष शर्मा, गोरमी थाना प्रभारी, जिला भिंड