नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। बुढ़वा मंगल पर मंगलवार को दंदरौआ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रात 12 बजे मंगला आरती के बाद डॉ. हनुमान मंदिर के पट खुले तो दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगना शुरू हो गईं। सोमवार रात से ही मेहगांव से दंदरौआ धाम तक करीब 20 किलोमीटर लंबा मार्ग श्रद्धालुओं की भीड़ से पटा रहा। मंगलवार देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार करीब छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डॉ. हनुमान के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दंदरौआ धाम को जोड़ने वाले मार्गों पर कई जगह यातायात दबाव बढ़ गया।
आधी रात को चिरौल के पास 2 घंटे लगा जाम
चिरौल के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 2.30 बजे तक दो घंटे जाम की स्थिति बनी रही। मंदिर जाने और दर्शन के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं और सड़क किनारे भंडारे के आयोजन के चलते दबाव बढ़ने से यहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थिति को संभालने के लिए यातायात प्रभारी राघवेंद्र भार्गव, आरक्षक मोहित तोमर समेत पुलिस जवानों ने मोर्चा संभाला और जाम खुलवाया।
सुबह होते-होते दर्शन के लिए कतारें हो गईं लंबी
श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ कुछ स्थानों पर व्यवस्था बिगड़ती नजर आई तो गेट नंबर दो पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा खुद मैदान में उतरे और व्यवस्था का जायजा लिया। एएसपी प्रदीप पटेल, एसडीओपी अटेर रविंद्र वास्कले सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी अलग-अलग स्थानों पर मोर्चा संभाला। सुबह होते-होते मंदिर में दर्शन के लिए कतारें कई हिस्सों तक लंबी हो गईं।
श्रद्धालुओं को अपनी बारी के लिए करीब 2 से 3 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर परिसर में जिक-जैक रेलिंग लगाई गई थी। गर्भगृह तक पहुंचने के लिए पांच कतारें बनाई गईं।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार प्रत्येक कतार से प्रति मिनट 100 से अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की व्यवस्था की गई थी। गर्भगृह के आसपास भीड़ नियंत्रित करने के लिए 30 से 40 पुलिस जवान तैनात रहे। प्रवेश और निकासी के रास्ते अलग रखे गए, जिससे भीड़ को एक दिशा में नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके। इस दौरान कलेक्टर केएल मीना सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
700 से ज्यादा जवानों ने संभाली सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था
लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़े स्तर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की थी। एसपी के निर्देशन में 700 से अधिक पुलिस जवान दंदरौआ धाम और आसपास के मार्गों पर तैनात किए गए। मंदिर परिसर, पार्किंग, प्रमुख चौराहों और पहुंच मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ बढ़ने पर वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर रोककर यातायात का दबाव कम किया गया।
धाम से करीब 1 से 1.5 किलोमीटर के दायरे में पांच पार्किंग स्थल बनाए गए थे। भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरियर लगाए गए थे। इसके बावजूद सुबह भीड़ बढ़ने पर कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति बनी।
छप्पन भोग, रुद्राभिषेक और संकीर्तन से भक्तिमय रहा धाम
मंगला आरती के बाद मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। डा हनुमान को छप्पन भोग लगाया गया और रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर में फूल बंगला सजाया गया। परिसर में संकीर्तन, राम नाम जाप और रामचरितमानस का पाठ चलता रहा।
श्रद्धालु दर्शन के साथ हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करते नजर आए। दंदरौआधाम में भिंड के अलावा ग्वालियर, मुरैना, दतिया, इटावा, जालौन, झांसी, कानपुर, ललितपुर, औरैया और आगरा सहित कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचे।
दिल्ली और मुंबई समेत अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी सामने आई। कई श्रद्धालु पैदल ही धाम पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों से पहुंचे। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और निगरानी के लिए चार बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई थीं।
मंदिर परिसर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों के माध्यम से पुलिस अधिकारी भीड़ और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
अंचल के हनुमान मंदिरों में भी उमड़ी भीड़
बुढ़वा मंगल के चलते लहार के कांक्सी सरकार, रावतपुरा धाम, भिंड शहर के बजरिया सरकार, मंशापूर्ण मंदिर, नबादा वाले हनुमान जी, जामुना हनुमान मंदिर और चोरगली स्थित चिंताहरण हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया