भिंड के ऐतिहासिक गोहद किले के जीर्णोद्धार की कवायद तेज, जर्जर परकोटे का भोपाल के तकनीकी दल ने किया निरीक्षण
भोपाल से आए तकनीकी दल ने किले की दीवारों और परकोटे की मौजूदा स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया। इस दौरान दीवारों में आई दरारें, कमजोर चिनाई, पत्थरों के विस्थापन, नमी, वनस्पति और क्षतिग्रस्त हिस्सों को देखा गया। साथ ही किले के बुर्ज, प्रवेश द्वार और पुरानी जल निकासी व्यवस्था की स्थिति भी जांची गई।
Publish Date: Tue, 08 Sep 2026 04:19:11 PM (IST)Updated Date: Tue, 08 Sep 2026 04:19:33 PM (IST)
भिंड के गोहद में स्थित किला जिसका किया जाएगा जीर्णोद्धार। फाइल फोटोHighLights
- तकनीकी दल का विस्तृत सर्वेक्षण
- ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण
- लागत अनुमान और आगे का प्लान
नईदुनिया न्यूज भिंड (गोहद)। भिंड जिले के ऐतिहासिक गोहद किले के जर्जर परकोटे और दीवारों के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में पहल तेज हो गई है। नगर पालिका परिषद गोहद की मांग के बाद पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय भोपाल के निर्देश पर तकनीकी दल ने पिछले माह किले का स्थल निरीक्षण और विस्तृत तकनीकी सर्वेक्षण किया। दल ने किले के परकोटे, रक्षात्मक दीवारों, बुर्ज, प्रवेश द्वार और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने किले की दीवारों की खराब स्थिति को लेकर पुरातत्व विभाग को पत्र भेजा था। इसमें बताया गया था कि परकोटे की कई दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं। कई स्थानों पर पत्थर और प्लास्टर गिर रहे हैं, जबकि कुछ हिस्से अत्यधिक कमजोर हो चुके हैं। इससे आमजन की सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ है। इसी के बाद संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय तथा मध्यप्रदेश हेरिटेज डेवलपमेंट न्यास के निर्देश पर कोलार डायनेमिक्स, भोपाल के तकनीकी दल को सर्वे के लिए भेजा गया।
दरार, नमी और कमजोर चिनाई का किया अध्ययन
तकनीकी दल ने किले की दीवारों और परकोटे की मौजूदा स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया। इस दौरान दीवारों में आई दरारें, कमजोर चिनाई, पत्थरों के विस्थापन, नमी, वनस्पति और क्षतिग्रस्त हिस्सों को देखा गया। साथ ही किले के बुर्ज, प्रवेश द्वार और पुरानी जल निकासी व्यवस्था की स्थिति भी जांची गई। सर्वे के आधार पर संरक्षण की तकनीकी पद्धति, संरचनात्मक स्थिरीकरण, चूना-मोर्टार आधारित मरम्मत और तत्काल सुरक्षा के उपायों का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
विभाग द्वारा विस्तृत सर्वे रिपोर्ट के साथ डीपीआर, लागत अनुमान और बीओक्यू भी तैयार किया जाना है। इसके बाद शासन स्तर से स्वीकृति मिलने पर जीर्णोद्धार कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इससे ऐतिहासिक संरचना को सुरक्षित रखने के साथ जर्जर दीवारों से होने वाले हादसों का खतरा भी कम होगा।
अठारहवीं सदी की स्थापत्य विरासत का उदाहरण
गोहद किला क्षेत्र के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसका निर्माण गोहद राज्य के जाट शासकों के समय हुआ था। किले की मजबूत परकोटा दीवारें, बुर्ज और प्रवेश द्वार उस दौर की सैन्य सुरक्षा व्यवस्था और स्थापत्य कला को दर्शाते हैं। किला केवल सैन्य गढ़ नहीं, बल्कि तत्कालीन प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में इसके संरक्षण को स्थानीय इतिहास और विरासत को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब तक किले पर हुए प्रमुख कार्य
- 60 लाख रुपये की लागत से रखरखाव कार्य
- 5 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2018 में मरम्मत
- 8 साल पहले मरम्मत को लेकर शिकायत
- 11 दरवाजे किले के निकास मार्गों पर बने हैं
- किले की दीवारों और बुर्जों का संरक्षण प्रस्तावित
किले का निरीक्षण किया है। परकोटे में दीवार, बुर्ज, प्रवेश द्वार सहित अन्य स्थल जर्जर मिले हैं। इसका एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजेंगे। इसके बाद स्वीकृति के अनुसार जीर्णोद्धार का कार्य शुरू होगा। - महेश विश्वकर्मा, जांच दल प्रभारी पुरातत्व विभाग, भोपाल