भिंड में लोहे के पाइप से तोड़ रहे थे दातुन, हाईटेंशन लाइन से छूते ही बुजुर्ग की मौके पर मौत
हादसे में मुन्नालाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 05:06:15 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 05:07:01 PM (IST)
पीएम हाउस के बाहर बैठे मृतक के स्वजन और मृतक मुन्नालाल का फाइल फोटो।HighLights
- लोहे के पाइप से दातुन तोड़ते वक्त हादसा
- हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत
- मामले की जांच में जुटी देहात थाना पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना अंतर्गत शुक्रवार सुबह घर के बाहर नीम के पेड़ से दातुन तोड़ते समय करंट लगने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग लोहे के पाइप की मदद से पेड़ से दातुन तोड़ रहे थे, तभी पाइप ऊपर से निकली 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दातुन तोड़ने के लिए मुन्नालाल ने उठाया लोहे का पाइप
जानकारी के अनुसार अटेर रोड स्थित केके भट्टा वाली गली निवासी मुन्नालाल पुत्र हरनारायण शर्मा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घर के बाहर नीम के पेड़ से दातुन तोड़ने गए थे।
दातुन तोड़ने के लिए उन्होंने लोहे का पाइप लिया था। इसी दौरान पाइप हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और उन्हें तेज करंट लग गया।
हादसे में मुन्नालाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी मीरा देवी और दो बेटे अनिल व छोटे सिंह को छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बेटों का बुरा हाल है।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत होने की जानकारी सामने आई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई थाना देहात