दहेज प्रताड़ना से तंग आकर 18 वर्षीय नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति और ससुर समेत 4 पर केस दर्ज
भिंड क्राइम समाचार: घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
Publish Date: Sat, 12 Sep 2026 04:12:07 PM (IST)Updated Date: Sat, 12 Sep 2026 04:12:53 PM (IST)
HighLights
- मेहगांव के वार्ड 8 में फांसी लगाकर दी जान
- अतिरिक्त दहेज के लिए शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना
- पति, जेठ, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज
नईदुनिया न्यूज, भिंड। मेहगांव थाना अंतर्गत वार्ड 8 में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने से परेशान 18 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना 19 अगस्त की शाम करीब 6 से रात 8 बजे के बीच की बताई गई है। मामले में पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
शव को फंदे से उतरवाकर पीएम के लिए भेजा
पुलिस के अनुसार शिवानी पत्नी कृष्णपाल गौतम निवासी वार्ड आठ मौ रोड मेहगांव की रहने वाली थी। 19 अगस्त की शाम शिवानी ने अपनी ससुराल में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
प्रताड़ना से परेशान होकर शिवानी ने लगाई फांसी
जांच के दौरान सामने आया कि शिवानी को उसके पति कालू उर्फ कृष्णपाल पुत्र संग्राम सिंह गौतम, जेठ मंगलसिंह पुत्र संग्राम सिंह गौतम, सास मीनू उर्फ कमलादेवी पत्नी संग्राम सिंह गौतम और ससुर संग्राम सिंह गौतम, सभी निवासी वार्ड आठ, मौ रोड मेहगांव द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर कथित रूप से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना से परेशान होकर शिवानी ने आत्मघाती कदम उठाया।
मामले में पति सहित चार ससुराल वालों के खिलाफ अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - रविंद्र शर्मा, टीआई थाना मेहगांव, भिंड