भिंड में खाद के अवैध कारोबार और नकली DAP पर बड़ा एक्शन... 7 लोगों पर FIR दर्ज, ट्रक से उतारी जा रही थीं 600 बोरियां
कृषि विभाग ने दोनों मामलों से संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाद की गुणवत्ता और कारोबार से जुड़े निय...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 10 Oct 2026 08:04:46 PM (IST)Updated Date: Sat, 10 Oct 2026 08:05:46 PM (IST)
आरोपी जितेंद्र सिंह से पूछताछ करते उप संचालक कृषि रामसुजान शर्मा। नईदुनियाHighLights
- बिना लाइसेंस लाई गईं एपीएस खाद की 600 बोरियां
- इफको की पैकिंग में मिलीं 127 संदिग्ध डीएपी बोरियां
- कृषि विभाग की शिकायत पर फूफ और भारौली थाने में मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। जिले में खाद के अवैध कारोबार और नकली डीएपी के संदेह से जुड़े दो मामले सामने आए हैं। कृषि विभाग की शिकायतों पर फूफ और भारौली थाना पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फूफ थाना क्षेत्र के ग्राम सकराया में बिना लाइसेंस खाद का कारोबार किए जाने का मामला सामने आया, जहां ट्रक से एपीएस उर्वरक की 600 बोरियां उतारी जा रही थीं। वहीं, भारौली खुर्द में इफको कंपनी की पैकिंग में डीएपी की 127 बोरियां संदिग्ध मिलीं।
कृषि विभाग ने दोनों मामलों से संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाद की गुणवत्ता और कारोबार से जुड़े नियमों के उल्लंघन की आशंका के चलते मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
सकराया में मकान पर उतारी जा रही थीं खाद की बोरियां
फूफ थाना क्षेत्र के ग्राम सकराया में 28 सितंबर 2026 को कृषि विभाग के निरीक्षण दल को ट्रक क्रमांक एमपी 07 एचबी 8077 से 600 बोरी एपीएस उर्वरक उतारे जाने की सूचना मिली थी। ये बोरियां सचिन दीक्षित के मकान में उतारी जा रही थीं। जांच के दौरान ट्रक चालक हैदर अली ने बताया कि वह उर्वरक मंदसौर जिले से भरकर लाया था। खाद जवाहरलाल शर्मा निवासी सूरजभान चौक, हीरो होंडा शोरूम के पास, भिंड के पते पर पहुंचाई जानी थी।
जांच में जवाहरलाल शर्मा के नाम कोई विक्रम फर्म नहीं मिली
कृषि विभाग की जांच में जवाहरलाल शर्मा के नाम से भिंड में कोई लाइसेंसधारी उर्वरक विक्रय फर्म नहीं मिली। इसके बाद वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड भिंड ने 9 अक्टूबर को फूफ थाना प्रभारी को पत्र भेजकर जवाहरलाल शर्मा, सचिन दीक्षित, विजय बैरागी और नितिन छावड़ा के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
भारौली खुर्द में इफको की पैकिंग में मिलीं 127 बोरी संदिग्ध डीएपी
दूसरा मामला भारौली थाना क्षेत्र के ग्राम भारौली खुर्द का है। कृषि विभाग को 8 अक्टूबर को गोपनीय सूचना मिलने के बाद जांच की गई। इस दौरान इफको कंपनी की पैकिंग में डीएपी की 127 बोरियां संदिग्ध पाई गईं।
विभाग की शिकायत में जितेंद्र सिंह पुत्र गोपाल सिंह, राघवेंद्र बघेल और महादेव सिंह निवासी अमायन की भूमिका का उल्लेख किया गया है। शिकायत के अनुसार, किसान रमेश सिंह राजावत ने बताया कि जितेंद्र सिंह ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 30 जेजी 6728 में करीब 200 बोरी डीएपी रखकर कृषि उपज मंडी अमायन में लाया था।
यहां से खाद अन्य किसानों को वितरित की गई थी। कृषि विभाग की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन में संदिग्ध डीएपी को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए किसान रमेश सिंह राजावत को सुपुर्द किए जाने का उल्लेख है।
इस मामले में विभाग ने वीडियो, फोटो, पेन ड्राइव और प्रयोगशाला रिपोर्ट की छायाप्रति सहित अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड मेहगांव की शिकायत पर भारौली थाना पुलिस ने जितेंद्र सिंह, राघवेंद्र बघेल और महादेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच में नकली एवं अवैध तरीके से खाद पकड़ा था। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ फूफ और भारौली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। खाद की गुणवत्ता और वैध कारोबार से जुड़े पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - रामसुजान शर्मा, उप संचालक कृषि भिंड