भिंड जिले में किडनैपिंग की 4 शिकायतें, 2 नाबालिगों समेत महिला व 3 साल की बच्ची लापता
सभी मामलों में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी है।
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 04:42:20 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 04:42:46 PM (IST)
HighLights
- देहात और लहार से बहला-फुसलाकर 2 नाबालिगों का अपहरण
- पत्नी और 3 साल की मासूम बेटी को बंधक बनाने का आरोप
- ऊमरी थाना क्षेत्र से 28 वर्षीय युवती भी हुई गायब
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड जिले के देहात, लहार और ऊमरी थाना क्षेत्रों में किडनैप की चार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इनमें दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने, एक महिला और उसकी तीन साल की बच्ची को बंधक बनाकर अज्ञात स्थान पर छिपाने तथा एक विवाहिता के अपहरण का आरोप है। सभी मामलों में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी है।
13 अक्टूबर से राधा का नहीं चला पता
देहात थाना क्षेत्र की कुशवाह कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति ने बताया कि 13 अक्टूबर की रात करीब 11.30 बजे उसकी 16 वर्षीय बेटी राधा को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया। परिजनों ने तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
लहार थाना क्षेत्र भी किशोरी लापता
लहार थाना क्षेत्र के वार्ड 15 निवासी 35 वर्षीय महिला ने शिकायत में कहा कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 14 अक्टूबर की शाम करीब 4.30 बजे घर से लापता हो गई। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया।
मां-बेटी को बना रखा है बंधक
वार्ड 10 में बुद्ध विहार के पास रहने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी 32 वर्षीय पत्नी रागिनी और तीन साल की बेटी प्रांजलि को अज्ञात व्यक्ति बंधक बनाकर किसी अज्ञात स्थान पर छिपा रखा है। घटना 14 अक्टूबर की दोपहर करीब 3.30 बजे की बताई गई है।
28 साल की युवती की लापता
मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र के खांद का पुरा निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति ने ऊमरी थाना क्षेत्र के कोकसिंह का पुरा से अपनी 28 वर्षीय बेटी के अपहरण की शिकायत की है। यह घटना 11 अक्टूबर की शाम करीब 6.30 बजे की बताई गई है।