
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्रा. लिमिटेड की चौथी नवीन एकीकृत विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया। 450 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश से स्थापित इस इकाई से 600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, इसके शुरू होने के बाद मालनपुर में एशिया की सबसे बड़ी एकीकृत सोप बार मैन्युफैक्चरिंग सुविधा स्थापित हो गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से 30 प्रतिशत से अधिक अब जमीन पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश-विदेश के निवेशकों के विश्वास का केंद्र बन रहा है।
उन्होंने बताया कि गोदरेज ने करीब तीन दशक पहले मालनपुर में अपनी पहली इकाई स्थापित करते समय चुनौतियों के बजाय संभावनाओं को प्राथमिकता दी थी। आज उसी विश्वास का परिणाम है कि यहां समूह की चौथी विनिर्माण इकाई शुरू हुई है। उन्होंने इस निवेश को ‘मेड इन एमपी’ और ‘फेथ इन एमपी’ का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालनपुर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के औद्योगिक विस्तार का उत्प्रेरक बनकर उभर रहा है। प्रदेश से करीब 76 हजार करोड़ रुपये के उत्पादों का निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की बेरोजगारी दर देश में सबसे कम है और राज्य तेजी से औद्योगिक प्रगति करने वाले राज्यों में अग्रणी है।
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में हाल ही में गुना में करीब 1500 करोड़ रुपये के सीमेंट प्लांट और शिवपुरी में डिफेंस सेक्टर की इकाई का उद्घाटन हुआ है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पहले चंबल को पिछड़े क्षेत्र के तौर पर देखा जाता था, लेकिन अब यहां औद्योगिक निवेश लगातार बढ़ रहा है। मालनपुर से ‘मेक इन इंडिया’ का संकल्प और मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि नए औद्योगिक पार्क विकसित होने से क्षेत्र के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
गोदरेज ग्रुप की एग्जिक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने बताया कि नई इकाई के विस्तार के बाद मालनपुर में हर मिनट करीब चार हजार साबुन तैयार किए जा सकेंगे। समूह अब तक मालनपुर में करीब 850 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहे।