भिंड में बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंचीं महिला डीई से अभद्रता, दी जान से मारने की धमकी
आरोप है कि कुछ लोगों ने महिला अधिकारी को गंदी गालियां दीं और बिजली कनेक्शन की जांच करने से रोक दिया। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 04:39:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 04:39:58 PM (IST)
HighLights
- गोरमी में जांच करने पहुंची थीं महिला डीई
- अश्लील गालियां देकर सरकारी काम में बाधा डाली
- पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। गोरमी थाना क्षेत्र में बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंचीं बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक के साथ अभद्रता करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने महिला अधिकारी को गंदी गालियां दीं और बिजली कनेक्शन की जांच करने से रोक दिया। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
सुरेश यादव के गार्डन में बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंची थीं डीई
पुलिस के अनुसार फरियादी लक्ष्मी सोमवानी पत्नी संतलाल सोमवानी बिजली कंपनी मेहगांव में उप महाप्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच वह गोरमी स्थित सुरेश यादव के गार्डन में बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपित सोनू उर्फ सतेंद्र यादव, मोनू उर्फ कृष्णकांत यादव और सुरेश यादव निवासी गोरमी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
महिला अधिकारी ने पुलिस की शिकायत
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने महिला अधिकारी को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और विद्युत कनेक्शन की जांच करने से रोक दिया। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के चलते शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। महिला अधिकारी ने घटना के संबंध में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक की शिकायत पर गोरमी में बिजली कनेक्शन की जांच के दौरान गाली-गलौज करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना की जा रही है। - आशुतोष शर्मा, टीआइ थाना गोरमी।