भिंड में 50 लाख का डंपर चुराने वाला इंटर स्टेट चोर गिरफ्तार, 800 CCTV खंगालकर हरियाणा से बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है और उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक अपराध दर्ज हैं।
Publish Date: Sat, 12 Sep 2026 07:54:06 PM (IST)Updated Date: Sat, 12 Sep 2026 08:04:32 PM (IST)
देहात थाना पुलिस द्वारा हरियाणा के नूंह से जब्त किया गया डंपर और आरोपी केहरीराम। सौजन्य पुलिसHighLights
- भिंड के सीता नगर से चोरी हुआ था डंपर
- हरियाणा के नूंह में बेचने की तैयारी में था आरोपी
- पुलिस ने 500 किमी तक पीछा कर दबोचा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना अंतर्गत वार्ड 9 सीतानगर से चोरी हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत के डंपर को पुलिस ने 19 दिन की लगातार मेहनत के बाद बरामद कर लिया। पुलिस टीमों ने मध्यप्रदेश से लेकर उत्तरप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा तक करीब 500 किलोमीटर के क्षेत्र में 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल 27 वर्षीय आरोपी को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है और उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक अपराध दर्ज हैं।
अमन तोमर ने 25 अगस्त को कराई थी रिपोर्ट
देहात थाना टीआई शिवप्रताप सिंह राजावत के अनुसार सीतानगर वार्ड 9 निवासी अमन पुत्र अन्नू तोमर ने 25 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका डंपर क्रमांक आरजे 11 जीसी 9454, 24 अगस्त की रात चोरी हो गया। देहात थाना पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सूरज कुमार वर्मा ने एएसपी प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में चार पुलिस टीमें गठित की गईं। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
500 किमी के रास्ते में खंगाले 800 से अधिक कैमरे
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। इसके बाद संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस ने घटना के बाद मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में लगातार तलाश की। टीमों ने भिंड से हरियाणा के नूंह तक करीब 500 किमी के रास्ते में 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 19 दिन की लगातार पड़ताल के बाद पुलिस को आरोपित तक पहुंचने में सफलता मिली।
फर्जी नंबर प्लेट और मास्टर चाबी से चुराते थे डंपर
पुलिस पूछताछ में आरोपी केहरीराम उर्फ केशराम उर्फ चुटिया उर्फ शेरा मीणा पुत्र गोरेलाल मीणा निवासी बसंतपुरा थाना सरमथुरा जिला धौलपुर राजस्थान ने बताया कि वह साथियों के साथ अलग-अलग राज्यों में डंपर और ट्राला की रैकी करता था। गिरोह अलग-अलग नंबर की स्विफ्ट और बोलेरो कारों का इस्तेमाल करता था। आरोपित पहले से फर्जी नंबर प्लेट तैयार रखते थे। इसके बाद मास्टर चाबी से डंपर का लाक खोलकर जीपीएस तोड़ देते और वाहन लेकर फरार हो जाते थे।
वाहन का कलर और बॉडी में भी बदलाव करते
चोरी के वाहनों को नूंह-मेवात हरियाणा ले जाकर उनकी बॉडी में बदलाव करने के साथ रंग भी बदल दिया जाता था। इसके बाद उन्हें दूसरे लोगों को बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को आरोपी चोरी किए गए डंपर को बेचने की नीयत से जयपुर-भिवाड़ी-सोहना तिराहा फ्लाईओवर के पास राऊ जी होटल पर खड़ा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया और डंपर बरामद कर लिया।
डंपर चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए चार टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने लगातार 19 दिन तक काम करते हुए 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर आरोपी तक पहुंचकर चोरी का डंपर बरामद किया गया है। आरोपी से उसके अन्य साथियों और दूसरी वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। - शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई देहात थाना भिंड