भिंड में अचानक धंसी मकान की जमीन, पलंग समेत 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी महिला, मची अफरा-तफरी
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी जुटाई।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 08:20:18 AM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 08:20:41 AM (IST)
कमरे में जमीन धंसने से बना गड्ढा, जिसमें गिरने से घायल हुई महिला l नईदुनियाHighLights
- तेज आवाज के साथ भरभराकर गिरा फर्श
- पलंग समेत गहरे गड्ढे में समाई महिला
- घटना के बाद इलाके में फैली दहशत
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के कन्या स्कूल वाली गली में बुधवार देर रात एक मकान के कमरे की जमीन अचानक धंस गई। हादसे में कमरे में मौजूद 45 वर्षीय महिला पलंग समेत करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। घटना में महिला घायल हो गई। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अचानक तेज आवाज हुई और कमरे की जमीन भरभराकर नीचे धंस गई
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय निशी पत्नी आदित्य मिश्रा निवासी कन्या स्कूल वाली गली बुधवार देर रात अपने घर के कमरे में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज आवाज हुई और कमरे की जमीन भरभराकर नीचे धंस गई। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही वह पलंग समेत जमीन के नीचे बने गड्ढे में समा गईं। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। महिला को गड्ढे से निकालने के प्रयास किए गए।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी जुटाई। अचानक जमीन धंसने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।