लिव-इन पार्टनर की कार में गला दबाकर हत्या, यमुना में फेंका शव; 40 किमी तक सर्च ऑपरेशन जारी
स्नेहलता ने आरोपी सत्यप्रकाश से मंदिर में शादी की थी और उस पर अपनी पत्नी को छोड़कर साथ रहने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका जत...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 06:32:36 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 06:33:26 PM (IST)
पचनदा के पास रेस्क्यू के दौरान मौजूद कोतवाली पुलिस और आरोपी सत्यप्रकाश व मतृका स्नेहलता का फाइल फोटो। नईदुनियाHighLights
- शादी के दबाव में कार में की हत्या
- खुद गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस को भटकाया
- पचनदा के पास SDRF की टीम कर रही तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के जोशी नगर निवासी सत्यप्रकाश उर्फ बादशाह जाटव पर अपनी लिव-इन पार्टनर स्नेहलता की कार में गला दबाकर हत्या करने और शव यमुना नदी में फेंकने का आरोप है। गुरुवार को एसडीईआरएफ की टीम ने पचनदा के पास यमुना नदी में करीब 40 से 50 किलोमीटर क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक शव का पता नहीं चल सका।
कानपुर से लौटते समय हत्या करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, सत्यप्रकाश और स्नेहलता की मुलाकात नर्सिंग कॉलेज में काम करने के दौरान हुई थी। दोनों लिव-इन संबंध में रहने लगे और उनका एक बच्चा भी हुआ। पुलिस की जांच में सामने आया कि स्नेहलता ने आरोपी से मंदिर में शादी की थी और उस पर अपनी पत्नी को छोड़कर साथ रहने का दबाव बना रही थी।
इसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका जताई गई है। पुलिस के मुताबिक 8 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे सत्यप्रकाश अपने साथी राजवीर खन्ना और आशू के साथ स्नेहलता को घुमाने के बहाने कार से कानपुर ले गया।
वहां से लौटते समय 9 अक्टूबर की तड़के करीब 3 बजे हनुमंतपुरा के पास स्नेहलता की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव पचनदा पुल से यमुना नदी में फेंकने की बात सामने आई है।
गुमशुदगी की सूचना देकर दर्ज कराया किडनैपिंग का मामला
पुलिस के अनुसार सत्यप्रकाश ने खुद सिटी कोतवाली में स्नेहलता के लापता होने की सूचना दी थी। 13 अक्टूबर को किडनैपिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को सत्यप्रकाश पर संदेह हुआ। फिलहाल शव की तलाश जारी है।
पचनदा में दिनभर शव की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामला हत्या से जुड़ा है। शव मिलने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। - मुकेश शाक्य, टीआई, सिटी कोतवाली भिंड