
भिंड / ऊमरी। ऊमरी क्षेत्र में सिकहाटा पुलिया के पास शुक्रवार सुबह भिंड मुख्य ब्रांच नहर में फूट गई। इससे सिकहाटा, अकोड़ा और मोहनपुरा मौजा की करीब 250 बीघा जमीन में खड़ी सरसों की फसल डूब गई। आक्रोशित किसानों ने भिंड-गोपालपुरा स्टेट हाइवे स्थित अकोड़ा चौराहे पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर ऊमरी टीआई तिमेश छारी, तहसीलदार आरएल वर्मा और पटवारी प्रियंका के अलावा सिंचाई विभाग के उपयंत्री आरआर गोयल पहुंच गए। टीआई ने मोबाइल से किसानों की एसडीएम एचबी शर्मा से बात कराई। एसडीएम ने किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसक बाद किसानों ने जाम खोल दिया।
यह है पूरा मामला
ऊमरी क्षेत्र से भिंड मुख्य नहर गुजरी है। नहर पिपाहड़ी हेड से सगरा गांव तक निकली है। गुरुवार रात 10 बजे पिपाहाड़ी हेड से भिंड मुख्य नहर में पानी छोड़ा गया।
शुक्रवार सुबह तक पानी ऊमरी सिकहाटा नहर में आ गया। यहां सिकहाटा पुलिया के पास गेट लगा हुआ। चूंकि सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने किसानों को सूचना नही दी और न ही जिस जगहों पर गेट लगे हुए हैं वहां के चौकीदार को बताया। इसलिए नहर में ऊपर से पानी प्रेशर से आया, लेकिन सिकहाटा पुलिया के पास गेट कम खुला होने के कारण पानी आगे नहीं गया।
250 बीघा खेत में भरा पानी
किसानों की मानें तो 250 बीघा जमीन पर उन्होंने सरसों की बोवनी की है। जिसमें अंकुर भी फूट चुके हैं। अब खेती में पानी भर जाने से जहां सरसों का बीज वह और दब जाएगा। इससे पूरे 250 बीघा जमीन पर हजारों रुपए की कीमत का बीज बर्बाद हो गया है। किसानों का कहना है कि इस बार बारिश के कारण बोवनी पहले से ही लेट हो गई थी। लेकिन खेत में पानी भरने से फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है।
इनका कहना है
चौकीदार की लापरवाही के कारण नहर फूट गई थी। हमने दोपहर 12 बजे तक मरम्मत करवा दी थी।
आरआर गोयल, उपयंत्री सिंचाई विभाग भिंड