भिंड: रंजिश और प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, हादसा दिखाने के लिए ट्रक के सामने फेंका शव; आरोपी गिरफ्तार
भिंड अपराध समाचार: पुलिस ने मामले में पुर निवासी राहुल भदौरिया को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है।
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 08:00:58 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 08:01:32 PM (IST)
बरोही थाने में साक्षियों से पूछताछ करते एसडीओपी रविंद्र वास्कले। नईदुनियाHighLights
- पार्टी के बहाने बुलाकर दिया झांसा
- टैटू से हुई मृतक की पहचान
- पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। बरोही थाना पुलिस ने 11 सितंबर को ग्वालियर रोड पर अमलेड़ी तिराहे के आगे मिले क्षतिग्रस्त अज्ञात शव की पहचान कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रंजिश और प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या की और वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव को हाईवे पर ट्रक के सामने फेंक दिया। पुलिस ने मामले में पुर निवासी राहुल भदौरिया को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है।
एक व्यक्ति के कुचलने की सूचना पुलिस को 11 सितंबर को मिली थी
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि ग्वालियर रोड पर अमलेड़ी तिराहे के आगे एक व्यक्ति बुरी तरह कुचली हालत में सड़क पर पड़ा है। चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। अटेर एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। बाद में मृतक के शरीर पर बने टैटू और कपड़ों के आधार पर उसके भाई रायसिंह नरवरिया ने पहचान धर्मवीर उर्फ गजनी नरवरिया निवासी पुर के रूप में की। जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने जानकारी जुटाई
पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक के दोस्तों व रिश्तेदारों से जानकारी जुटाई। इसके बाद राहुल भदौरिया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित ने मृतक को पार्टी के बहाने बुलाया और नशा कराया। इसके बाद बाइक से हाईवे पर ले जाकर बातचीत के बहाने नीचे उतारा और आ रहे ट्रक के सामने धक्का दे दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को सड़क पर छोड़ दिया था।
अज्ञात शव की पहचान के बाद तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में विवेचना जारी है। - अतुल भदौरिया, थाना प्रभारी बरोही।