बेटे की गला घोंटकर हत्या करने के बाद मां ने फंदे से लटककर दी जान, 6 माह की बेटी गंभीर
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 09:51:15 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 09:52:09 AM (IST)
HighLights
- छह माह की बेटी की हालत गंभीर
- किराए के मकान में रहता था परिवार
- पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड/ शोहरतगढ़, (सिद्धार्थनगर)। सिद्धार्थनगर के नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 रघुनाथ नगर में बुधवार को एक महिला ने अपने डेढ़ वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। उसने छह माह की बेटी का भी गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई। बच्ची को मृत समझकर महिला ने फंदे से लटककर जान दे दी। बेटी की हालत गंभीर बताई गई है।
दंपती पिछले पांच वर्षों से शोहरतगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था
मृतका की पहचान 25 वर्षीय काजल, पत्नी रामनरेश, के रूप में हुई है। रामनरेश मध्य प्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर थाना क्षेत्र के तालगांव के निवासी हैं, जबकि काजल भिंड जिले के मेहरा गांव की रहने वाली थी। दंपती पिछले पांच वर्षों से शोहरतगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था।
दोनों फुलकी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काजल ने घर के भीतर पहले बेटे टाइगर का गला दबाया और फिर बेटी को भी गला दबाकर बेहोश कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
घटना के पीछे पारिवारिक या अन्य कारणों का पता नहीं चल सका है। सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।