भिंड में बेटे के विवाद का बदला लेने मां को मारी गोली, कट्टे से फायरिंग में गंभीर घायल; ग्वालियर रेफर
वारदात के पीछे बेटे पिंटू और अजय के बीच शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 11:33:04 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 11:33:24 AM (IST)
HighLights
- शराब पार्टी में बेटे से हुआ था विवाद
- दरवाजे पर पहुंची मां को लगी दो गोलियां
- हत्या के प्रयास का केस, आरोपी फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। नयागांव थाना क्षेत्र के सनावई गांव में बेटे से हुए विवाद का बदला लेने के लिए बदमाशों ने उसकी मां को गोली मार दी। मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई इस वारदात में 55 वर्षीय मालती दौहरे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें स्वजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर कर दिया।
अजय अपने तीन साथियों के साथ रात में पिंटू के घर पहुंचा
जानकारी के अनुसार मालती दौहरे के बेटे पिंटू दौहरे का मंगलवार शाम गांव के अजय सिंह से शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद अजय अपने तीन साथियों के साथ रात में पिंटू के घर पहुंचा।
आरोप है कि यहां पहुंचते ही आरोपियों ने कट्टे से घर पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मालती घर के दरवाजे पर पहुंचीं, तभी फायरिंग के दौरान दो गोलियां उन्हें लग गईं।
एक गोली कंधे में और दूसरी मुंह के पास ठोड़ी पर लगी। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन घायल महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
नयागांव थाना पुलिस ने अजय सिंह और उसके तीन साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वारदात के पीछे बेटे पिंटू और अजय के बीच शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है।