
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर में शुक्रवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने शहरवासियों को परेशान कर दिया। अधिकतम तापमान में 42 डिग्री दर्ज किया गया है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम 25 डिग्री रहा।
मौसम में आर्द्रता 24 प्रतिशत रही। वहीं हवाओं की गति 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया था।
शुक्रवार को दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। सुबह 8 बजे अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 9 बजे 24 डिग्री, 10 बजे 26 डिग्री, 11 बजे 28 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि दोपहर 12 बजे 30 डिग्री सेल्सियस, 1 बजे 35 डिग्री और दोपहर 2 बजे 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
सुबह 9 बजे के बाद गर्म हवाएं चलना शुरू हो गई। दोपहर 2 बजे हवाओं की रफ्तार और तेज हो गई। जिससे बाइक पर बिना मुंह बांधें लोगों का चलना भी दूभर हो गया। गर्मियों में वायरल फीवर सबसे घातक -मौसम बदलने के साथ ही लोगों में वायरल का दौर शुरू हो गया है और लोगों में वायरल फीवर के सबसे अधिक मरीज देखने को मिल रहे हैं। गर्मियों के दिनों में सबसे अधिक घातक बीमारी मलेरिया है जो अन्य बीमारियों के इंफेक्शन से भी मानव शरीर में पैदा हो जाती है।
गर्मी के दिनों में शरीर को बीमारियों से दूर रखने के लिए हमें प्रभावशाली उपाय करने बहुत जरूरी हैं। सबसे पहले घर से निकलते समय हमें गर्म हवाओं से बचना जरूरी होगा, जिसके लिए मुंह और कान ढके रहने होंगे और कोशिश यह की जाए कि तेज धूप में अपने-अपने घरों से बाहर न निकलें। वहीं वायरल से बचने के लिए समय-समय पर डॉक्टरों की सलाह लें और घरों में बिना मच्छरदानी के न सोएं।
मौसम में तापमान बढ़ने से इस तरह की बीमारियां हो रही है। धूप से बचने के लिए लोग जरूरी उपाय अपनाएं और तबियत बिगड़ने पर तुरंत अपना चेकअप कराएं। - डॉ. अनिल गोयल, सिविल सर्जन जिला अस्पताल भिंड