नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, चाचा का आरोप- कार के लिए प्रताड़ित करते थे ससुरालवाले
शादी के बाद से ही पति उपेंद्र सिंह कार की मांग कर रहा था और इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 06:12:26 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 06:12:55 PM (IST)
पीएम हाउस के बाहर खड़े मृतका के स्वजन और शिवकुमारी भदौरिया का फाइल फोटो। नईदुनियाHighLights
- पंखे से लटका मिला महिला का शव
- मई 2025 में हुई थी मृतका की शादी
- पति झांसी में पीएससी पुलिस में पदस्थ
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना अंतर्गत भदौरिया नगर में शनिवार दोपहर 24 वर्षीय नवविवाहिता शिवकुमारी पत्नी उपेंद्र सिंह भदौरिया का शव घर के अंदर कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका के चाचा सदन सिंह राजावत ने ससुराल पक्ष पर कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमरे में शिवकुमारी का शव साड़ी के फंदे से पंखे पर मिला लटका
जानकारी के अनुसार शिवकुमारी कुलदीप पेट्रोल पंप के पास भदौरिया नगर स्थित अपने घर में थी। 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 2.41 बजे उसके चाचा सदन सिंह के पास पति उपेंद्र सिंह का फोन आया। उसने शिवकुमारी के कमरे में फांसी लगाने की जानकारी दी। इसके बाद चाचा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कमरे में शिवकुमारी का शव साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका मिला। उसकी मौत हो चुकी थी।
शादी के बाद से कार मांगने का आरोप
मृतका के चाचा सदन सिंह का आरोप है कि शिवकुमारी की शादी 29 मई 2025 को उपेंद्र सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही पति कार की मांग कर रहा था और इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था। चाचा के मुताबिक, पति झांसी में पीएससी पुलिस में पदस्थ है, लेकिन शादी के बाद से शिवकुमारी को अपने साथ नौकरी पर नहीं ले गया। चाचा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके से गायब हो गए।
मृतका के चाचा ने कार की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई थाना देहात