यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राम मंदिर पर बयान के बाद रामभद्राचार्य को मारने की धमकी
हनुमान मंदिर में कथा के लिए आए चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य को फोन पर जान से मारने की धमकी दी है।
By Edited By:
Publish Date: Wed, 05 Nov 2014 07:54:35 PM (IST)Updated Date: Thu, 06 Nov 2014 01:45:01 PM (IST)

भिंड। मेहगांव के दंदरौआ धाम हनुमान मंदिर में कथा के लिए आए चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य को फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। किसी ने उनकी बहन (बुआजी) के मोबाइल फोन पर कॉल कर धमकी दी है। धमकी देने वाले ने उनसे चित्रकूट में उनकी यूनिवर्सिटी के एवज में टेरर टैक्स की मांग की है। बुधवार शाम 5 बजे उन्हें पुलिस सुरक्षा के साथ चित्रकूट के लिए रवाना कर दिया गया है।
मुलाकात के दौरान एसपी को बताया
पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य दंदरौआ में 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलने वाली कथा के लिए आए थे। मंगलवार को दंदरौआ पहुंचे एसपी विनीत खन्ना को मुलाकात के दौरान पीठाधीश्वर ने बताया कि उनकी बहन के मोबाइल फॉन पर कॉल कर किसी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है और चित्रकूट में यूनिवर्सिटी के एवज में टेरर टैक्स की मांग की है।
पीठाधीश्वर ने 3 नवंबर को पत्रकारों को बयान दिया था कि दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात हुई थी और उन्होंने आश्वासन दिया है कि 6 दिसंबर 2016 तक अयोध्या में राम मंदिर बन जाएगा। साथ ही सांई पूजा को लेकर भी बयान दिया था।
इस बयान के बाद से वे मीडिया में सुर्खियों में आ गए थे। हालांकि उन्हें अभी जो धमकीभरा फोन आया है, वह यूनिवर्सिटी संचालन को लेकर टेरर टैक्स मांगने को लेकर बताया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से ही पीठाधीश्वर अपने कार्यक्रम से 1 दिन पहले बुधवार को चित्रकूट के लिए रवाना कर दिए गए।
धमकी के बाद फोन स्विच ऑफ
पीठाधीश्वर को जिस फोन नंबर से धमकी मिली है, वह अब बंद जा रहा है, लेकिन यह कॉल चित्रकूट से ही किया गया है। इसलिए एसपीे श्री खन्ना ने इस संबंध में चित्रकूट पुलिस को फोन पर बात कर बता दिया है।
इनका कहना है
पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य को धमकी दी है। धमकी भरा कॉल उनकी बहन के मोबाइल पर आया है, जो उनके साथ आई हैं। यह तो नहीं पता कि कॉल कब आया, लेकिन मैं मंगलवार को दंदरौआ गया था तब उन्होंने धमकी के बारे में बताया। बुधवार शाम को उन्हें पुलिस की सुरक्षा में चित्रकूट रवाना किया है।
विनीत खन्ना एसपी, भिंड