भिंड में जमीन विवाद: समझौता कराने पहुंची बहन का भाभी ने दांतों से काटा गाल, बचाने आई छोटी बहन भी घायल
पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रास मामला दर्ज कर लिया है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 01:47:16 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 01:48:07 PM (IST)
जेएएच में भर्ती खिलौनी बाई का इलाज चल रहा है। सोशल मीडियाHighLights
- पांच साल की मोहलत मांगने पर भड़का भाई
- भाभी के हमले में गाल का मांस बाहर आया
- पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया क्रॉस केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के डांग बिरखड़ी पीरगढ़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर समझौता कराने पहुंची बहन पर भाई और भाभी ने हमला कर दिया। छोटे भाई को मकान बनाने के लिए पांच साल की मोहलत देने की बात बड़े भाई बंटी कुशवाह को इतनी नागवार गुजरी कि उसने बहन खिलौनी बाई को पकड़ लिया। इसी दौरान भाभी मंगला देवी ने दांतों से उसका गाल काट लिया। हमले में गाल का मांस बाहर आ गया।
बहन को बचाने पहुंची छोटी बहन किरन की अंगुली भी काट ली गई। गंभीर रूप से घायल खिलौनी को ग्वालियर के जेएएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सर्जरी विभाग में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों पर कर रही है जांच कर
पुलिस के अनुसार खिलौनी बाई पत्नी रामनरेश कुशवाह निवासी जवासा की रिपोर्ट पर बंटी कुशवाह, उसकी पत्नी मंगला देवी, मोनू कुशवाह, अंकित कुशवाह और नेमा कुशवाह निवासी पीरगढ़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से मंगला देवी पत्नी बंटी कुशवाह की रिपोर्ट पर खिलौनी देवी, किरन, रामनरेश और राजेश कुशवाह के खिलाफ भी एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों पर जांच कर रही है।
पिता की संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद
पीड़िता खिलौनी बाई का कहना है, कि पिता की संपत्ति में आधे हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। बड़ा भाई छोटे भाई पर एक साल में मकान बनाकर घर खाली करने का दबाव बना रहा था। इसी मामले में पिता ने फोन कर खिलौनी को समझाने के लिए बुलाया था। मैंने बड़े भाई से सिर्फ इतना कहा था कि छोटे भाई को मकान बनाने के लिए पांच साल का समय दे दो। इस बात पर बंटी गाली-गलौज करने लगा और मुझे पकड़ लिया। तभी भाभी मंगला ने दांतों से मेरा गाल काट लिया। मेरा चेहरा सुन्न पड़ गया और गाल का मांस बाहर आ गया। छोटी बहन किरन मुझे बचाने आई तो उसके हाथ की अंगुली भी काट ली।
जमीन विवाद के चलते विवाद हुआ था। भाभी ने ननद के गाल पर काट लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रास मामला दर्ज कर लिया है। - विकास सिंह तोमर, टीआई थाना गोहद चौराहा