भिंड में रोजगार के लिए पलायन जारी: दीवाली बाद 8 हजार लोग गुजरात रवाना, 3 लाख बाहर कर रहे काम
मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में पिछले तीन साल में 15 से अधिक नई कंपनियां खुलीं, लेकिन स्थानीय युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 02:31:02 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 02:39:10 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र।HighLights
- पांच साल में 30 हजार से अधिक पंजीयन
- सात दिन में 8 हजार लोग गुजरात गए
- बाहर हुनर सीखकर गांव में दे रहे काम
मनोज श्रीवास्तव, नईदुनिया, भिंड। चंबल के बीहड़ों की पहचान बदली है। शिक्षा, खेती और उद्योग के क्षेत्र में बदलाव आया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर अब भी नहीं बन पाए हैं। यही वजह है कि दीपावली पर घर लौटे युवा भाईदूज के बाद फिर रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर रवाना होने लगे हैं।
जिले के करीब तीन लाख युवा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित अन्य राज्यों में काम कर रहे हैं। जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार, पिछले पांच साल में 30 हजार 353 युवाओं ने रोजगार के लिए पंजीयन कराया।
मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में पिछले तीन साल में 15 से अधिक नई कंपनियां खुलीं, लेकिन स्थानीय युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला। जिले में तेल मिल, रेडीमेड कपड़े, मछली पालन सहित करीब 400 छोटे-बड़े उद्योग संचालित हैं, फिर भी ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की मांग और अवसरों के बीच अंतर बना हुआ है।
गांवों में काम की कमी, गुजरात पहली पसंद
भिंड, मिहोना, लहार, मेहगांव, गोहद, अटेर और दबोह सहित जिले के कई क्षेत्रों से युवा पलायन कर रहे हैं। गुजरात के अहमदाबाद, सूरत और बड़ौदा में युवा टिक्की, पानी-पूरी, सिक्युरिटी और रंगाई-पुताई का काम कर रहे हैं। दिल्ली और महाराष्ट्र में भी बड़ी संख्या में लोग काम कर रहे हैं। ग्रामीण रोजगार का प्रमुख साधन मनरेगा भी प्रभावित है। करीब दो साल से काम और भुगतान बाधित होने की शिकायतें हैं।
सात दिन में आठ हजार लोग गुजरात रवाना
दीपावली के बाद श्रमिकों की वापसी शुरू हो गई है। 18 नवंबर तक सात दिन में करीब आठ हजार लोग गुजरात जा चुके हैं। जिले से प्रतिदिन करीब 20 बसें गुजरात जाती हैं। धर्मेंद्र ट्रेवल्स के मैनेजर दिनेश तोमर के मुताबिक, गुजरात जाने वाली बसें फुल जा रही हैं, जबकि वापसी में सीटें खाली रहती हैं।
ये युवा कुछ अलग: बाहर जाकर कारोबार सीखा, अब गांव में दे रहे रोजगार
- मिहोना निवासी गौतम कुमार तीन साल पहले गुजरात गए और पानी पूरी का ठेला शुरू किया। आज उनके तीन ठेले हैं और प्रतिदिन तीन से चार हजार रुपये तक मुनाफा होता है।
- मेंहदा निवासी लियाकत खान महाराष्ट्र में पानी-पूरी का व्यवसाय कर महीने में 20 से 25 हजार रुपये कमा रहे हैं।
- वहीं गोहद के कंचनपुर निवासी अजीत सिंह कौरव ने पीएमएफएमई योजना के तहत 26 लाख रुपये का ऋण और 10 लाख रुपये का अनुदान लेकर धान मिल स्थापित की। इससे 10 से 12 लोगों को रोजगार दे रहे हैं।
- दबोह के शिवम यादव ने 11.20 लाख रुपये के अनुदान से दो बॉयोफ्लॉक तालाब बनाकर मछली पालन शुरू किया। अब तक चार से पांच लाख रुपये की आय हो चुकी है।
जिले में नए उद्योग, होटल, रेस्टोरेंट और आउटलेट खुले हैं। रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। युवाओं को जिले में ही रोजगार मिले और वे उद्यमी बनकर दूसरों को भी रोजगार दें, इसके लिए योजना तैयार कर रहे हैं। - पवन जैन, कलेक्टर, भिंड