चलती बाइक में छिपा बैठा था सपोला, चालक के हाथ से लिपटा; अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी गाड़ी
हाथ पर सपोला देखते ही बाइक चालक घबरा गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हालांकि घटना में बाइक चालक के घायल होने की जानकारी नहीं है।
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 06:07:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 06:09:08 PM (IST)
बाइक से सपोला निकलने के बाद बाइक को चेक करते लोग। नईदुनियाHighLights
- हाथ पर सांप देख बिगड़ा संतुलन
- शहीद चौक पर मचा हड़कंप
- बाल-बाल बचा बाइक सवार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर की हाउसिंग कॉलोनी स्थित शहीद चौक पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक के अंदर छिपा बैठा सांप का बच्चा अचानक निकलकर चालक के हाथ से लिपट गया। हाथ पर सपोला देखते ही बाइक चालक घबरा गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हालांकि घटना में बाइक चालक के घायल होने की जानकारी नहीं है।
हाथ पर सांप देख आया पसीना
जानकारी के अनुसार उमरी क्षेत्र निवासी सचिन राजावत मंगलवार सुबह बाइक क्रमांक यूपी 93 सीइ 5130 से भिंड बाजार करने आए थे। शहीद चौक के पास बाइक चलाते समय अचानक उसके अंदर से सांप का बच्चा निकलकर सचिन के हाथ पर आकर लिपट गया। हाथ पर सांप को देखकर वह घबरा गए और बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते बाइक सड़क पर गिर पड़ी।
अचानक हुई घटना से आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। लोगों ने बाइक को रोककर सांप के बच्चे को हटाने का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। बाइक के अंदर सांप का बच्चा कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका।