भिंड में बाइक की किस्त मांगने पर तीन भाइयों से मारपीट, बाजार जाते समय रास्ते में रोककर बेल्ट से पीटा
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 11:37:08 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 11:37:32 AM (IST)
युवक से मारपीट करते फाइनेंस कंपनी से जुड़े लोग। वीडियोग्रेबHighLights
- सब्जी खरीदने बाजार जा रहे थे तीनों भाई
- गाली-गलौज के बाद बेल्ट व लात-घूंसों से पीटा
- जान से मारने की धमकी दी, जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर में बाइक की फायनेंस किस्त मांगने को लेकर तीन भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने भाइयों को रास्ते में रोककर लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा। इस दौरान जातिसूचक अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अभिषेक ने तत्काल रुपये नहीं होने की बात कही तो चारों ने की गाली-गलौज
फरियादी 21 वर्षीय अभिषेक धाकड़ पुत्र उमेश धाकड़ निवासी सरोज नगर ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने भाइयों सतेंद्र और जितेंद्र के साथ सब्जी खरीदने बाजार जा रहा था। जैसे ही वे बाजपेई होटल के सामने पहुंचे, वहां अज्जू भदौरिया, अभी भदौरिया उर्फ चपटे, शिवम भदौरिया और एक अन्य व्यक्ति मिल गए। आरोपियों ने उससे बाइक की फायनेंस किस्त मांगी। अभिषेक ने तत्काल रुपये नहीं होने की बात कही तो चारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
अगली बार जान से खत्म कर देंगे... मिली धमकी
फरियादी के अनुसार विरोध करने पर चारों ने तीनों भाइयों के साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की, जिससे उन्हें शरीर में कई जगह चोटें आईं। इसी दौरान बॉबी खान और विशाल शाक्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। फरियादी ने बताया कि जाते समय आरोपी धमकी देकर गए कि आज तो छोड़ रहे हैं, अगली बार जान से खत्म कर देंगे।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आरोपों की जांच की जा रही है। - अनीता गुर्जर, टीआई थाना सिटी कोतवाली