
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। दीपावली पर शहर के मुख्य बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस और नगर पालिका ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव की तैयारी कर ली है। बुधवार से परेड चौराहे से बंगला बाजार होते हुए अग्रसेन चौराहे तक ऑटो और ई-रिक्शा की एंट्री बंद की जा रही है। यह व्यवस्था दीपावली तक लागू रहेगी।
इसके अलावा सदर बाजार में सड़क पर लगने वाले हाथ ठेलों और फुटपाथ दुकानदारों को हटाने के लिए मंगलवार दोपहर नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी। त्योहार के चलते सदर बाजार, बंगला बाजार और आसपास के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में ऑटो और ई-रिक्शा की आवाजाही के कारण बाजार में जाम की स्थिति बनती है।
सड़क किनारे हाथ ठेले और फुटपाथ पर दुकानें लगने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। पैदल खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी बाजार में निकलने के लिए जगह नहीं मिलती। इसी समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने मुख्य बाजार में ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती और सिटी कोतवाली टीआई अनीता गुर्जर के निर्देशन में नगर पालिका और पुलिस की टीम सदर बाजार पहुंची। टीम ने पहले बाजार और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद सदर बाजार में सड़क पर हाथ ठेले लगाने वालों और फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को समझाइश दी गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान बाजार में भीड़ अधिक रहती है, इसलिए सड़क पर सामान रखकर या ठेले लगाकर रास्ता बाधित नहीं करें। कार्रवाई करीब डेढ़ घंटे तक चली।
यातायात पुलिस के अनुसार परेड चौराहे से बंगला बाजार होते हुए अग्रसेन चौराहे तक ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर प्रतिबंध लगाने का उद्देश्य बाजार के अंदर वाहनों का दबाव कम करना है। बस स्टैंड से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो डॉक्टर लेन और बंगला बाजार से निकलेंगे। इटावा रोड से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो अग्रसेन चौराहा से डायवर्ट होंगे। लहार रोड से परेड चौराहा आने वाले ई-रिक्शा व ऑटो गोल मार्केट तक ही आ सकेंगे।
दीपावली के दौरान बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है। आटो और ई-रिक्शा की आवाजाही से मुख्य बाजार में जाम की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए परेड चौराहे से बंगला बाजार होते हुए अग्रसेन चौराहे तक इन वाहनों का प्रवेश बंद किया जा रहा है। यह व्यवस्था दीपावली तक लागू रहेगी। लोगों से अपील है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
-राघवेंद्र भार्गव, यातायात प्रभारी भिंड
दीपावली के त्योहार को देखते हुए सदर बाजार में हाथ ठेले और फुटपाथ दुकानदारों को समझाइश दी गई है। सड़क पर ठेले लगने से आवागमन बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है। नगर पालिका और पुलिस मिलकर बाजार की व्यवस्था सुधारने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं।
-वीरेंद्र चक्रवर्ती, सीएमओ, नगर पालिका भिंड।