भिंड के लहार में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, गंभीर रूप से घायल दो युवकों की ग्वालियर ले जाते मौत
मृतकों की पहचान ग्राम इंगुई निवासी रवि यादव (32) और भीकमपुरा रोड निवासी 22 वर्षीय सुरेंद्र दौहरे के रूप में हुई है।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 11:19:16 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 11:19:43 AM (IST)
मृतक रवि यादव और सुरेंद्र दौहरे के फाइल फोटो।HighLights
- जैतपुरा मोड़ के पास रात में हुआ हादसा
- ग्वालियर रेफर करते समय रास्ते में तोड़ा दम
- हादसे में दोनों परिवारों का छिन गया सहारा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। लहार थाना अंतर्गत शुक्रवार रात जैतपुरा मोड़ के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लहार सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि, ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान ग्राम इंगुई निवासी रवि यादव (32) और भीकमपुरा रोड निवासी 22 वर्षीय सुरेंद्र दौहरे के रूप में हुई है।
मामा के साथ घर लौट रहे थे रवि
जानकारी के अनुसार रवि यादव शुक्रवार शाम अपने मामा महेंद्र यादव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक मामा चला रहे थे, जबकि रवि पीछे बैठे हुए थे। इसी दौरान जैतपुरा मोड़ के पास चोरई की तरफ से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रवि के सिर, गले और दोनों पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दूसरी बाइक पर सवार सुरेंद्र दौहरे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सुरेंद्र असवार में अपनी बुआ के घर से लहार लौट रहे थे।
अस्पताल से ग्वालियर रेफर, रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद स्वजन दोनों घायलों को लहार सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। स्वजन उन्हें लेकर ग्वालियर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रवि यादव लहार के इंदिरा गांधी स्टेडियम में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं 22 वर्षीय सुरेंद्र दोहरे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी दो छोटी बेटियां हैं। हादसे में दोनों युवकों की मौत से परिवारों का सहारा छिन गया।
बाइक के सामने आई गाय, टक्कर के बाद गिरे युवक की मौत
मेहगांव थाना अंतर्गत मौ रोड पर सीआरटी गार्डन के सामने बाइक के सामने अचानक गाय आ जाने से हुए हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वार्ड आठ मेहगांव निवासी विक्रांत उर्फ सोनू भदौरिया पुत्र नरेश उर्फ रामनरेश सिंह भदौरिया अपनी बाइक से जा रहे थे।
इसी दौरान सीआरटी गार्डन के सामने अचानक गाय बाइक से टकरा गई। टक्कर लगने से विक्रांत बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।