छत्तीसगढ़ पटवारी-आरआई पेपर लीक मामले में भिंड के दो सगे भाई दिल्ली से गिरफ्तार
कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 08:58:31 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 09:09:04 AM (IST)
HighLights
- ईओडब्ल्यू ने दोनों को दिल्ली से दबोचा
- कोर्ट ने 23 नवंबर तक रिमांड पर भेजा
- पेपर लीक कर वसूली थी मोटी रकम
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड/रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा-2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में भिंड जिले के दो सगे भाइयों को ईओडब्ल्यू ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय अरविंद जाटव और 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव के रूप में हुई है। दोनों मप्र के भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं। सोमवार को ईओडब्ल्यू की टीम दोनों को रायपुर लेकर पहुंची और विशेष न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जांच एजेंसी ने पाया दोनों वसूली मोटी रकम
जांच एजेंसी के मुताबिक दोनों आरोपियों पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराने और इसके बदले मोटी रकम वसूलने का आरोप है। ईओडब्ल्यू-एसीबी की जांच में सामने आया है कि दोनों ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सहआरोपित वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर कथित तौर पर आपराधिक षड्यंत्र रचा था। आरोप है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग कर प्रश्नपत्र पहले ही अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया। लीक प्रश्नपत्र से तैयारी कराने के लिए स्थान भी उपलब्ध कराया गया था।
जांच रिपोर्ट के बाद ईओडब्ल्यू को सौंपी गई थी जांच
राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा 7 जनवरी 2024 को आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा आयोजित की गई थी। इसके परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्चस्तरीय जांच कराई थी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने मामला ईओडब्ल्यू-एसीबी को सौंपा। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
ईओडब्ल्यू पूछताछ कर प्रश्नपत्र लीक करने के तरीके, अभ्यर्थियों तक उसकी पहुंच और रकम के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।