दादा के श्राद्ध में आए दो चचेरे भाई भिंड की झिलमिल नदी में डूबे, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए। उनके साथ मौजूद बालक ने गांव पहुंचकर स्वजन और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 07:07:25 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 07:08:41 PM (IST)
नदी में रेस्क्यू करने के लिए उतरती एसडीईआरएफ की टीम। नईदुनियाHighLights
- ग्वालियर से गांव आए थे दोनों इकलौते भाई
- नहाने के दौरान गहरे पानी में फिसला पैर
- SDRF और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भारौली थाना क्षेत्र के चिटावली गांव में शुक्रवार दोपहर झिलमिल नदी में नहाने गए दो नाबालिग चचेरे भाई गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने नदी में तलाश शुरू कर दी। बाद में एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना शुक्रवार की है।
दोनों दो दिन पहले आए थे गांव
जानकारी के अनुसार चिटावली निवासी 12 वर्षीय प्रिंस पुत्र भगवत सिंह राजावत और उसका चचेरा भाई 15 वर्षीय कृष्णा पुत्र दुलारे सिंह राजावत ग्वालियर में रहकर पढ़ाई करते थे। दोनों दो दिन पहले अपने दादा के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आए थे।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो दिनों से दोनों नदी में नहाने जा रहे थे। शुक्रवार को दोनों एक अन्य बालक के साथ झिलमिल नदी पर पहुंचे थे।
नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए। उनके साथ मौजूद बालक ने गांव पहुंचकर स्वजन और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण नदी पर पहुंचे और पानी में उतरकर दोनों की तलाश शुरू की।
दोपहर बाद शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद दोपहर 2:00 बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों किशोरों का पता नहीं चल सका।
प्रिंस कक्षा छठवीं और कृष्णा कक्षा दसवीं में पढ़ता था। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। हादसे की जानकारी के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद मेहगांव विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी राहुल सिंह भदौरिया घटना स्थल और गांव में पहुंचे और स्वजन को सांत्वना दी।
नदी में दो किशोरों के डूबने की सूचना मिली थी। एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश कराई जा रही है। दोनों की तलाश के लिए सर्च आपरेशन जारी है। - अभिषेक राय, थाना प्रभारी भारौली।