भिंड में बेटे की मौत का डर दिखाकर महिला से ठगे सोने के जेवर, बाइक सवार दो ठगों ने की बड़ी वारदात
ठगों ने खुद को ब्राह्मण बताकर पूजा-पाठ कराने का झांसा दिया। महिला से तौलिया में मंगलसूत्र और कान के टॉप्स लेकर फरार हो गए।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 09:29:00 AM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 09:29:19 AM (IST)
देहात थाने में बेटे के साथ रिपोर्ट लिखाने आई पीड़ित मीना देवी। नईदुनियाHighLights
- छोटे बेटे की मौत का डर
- पूजा-पाठ का झांसा देकर ठगी
- तौलिया में जेवर लेकर फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला को उसके छोटे बेटे की मौत होने का डर दिखाकर सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने खुद को ब्राह्मण बताते हुए पूजा-पाठ के नाम पर महिला को ऐसा झांसा दिया कि वह अपने जेवर उतारकर उनकी तौलिया में रखती चली गई। इसके बाद दोनों युवक जेवर लेकर बाइक से फरार हो गए। घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे देहात थाना क्षेत्र के शांति नगर बाईपास की है।
महिला सोमवार को ग्वालियर से दवा लेकर भिंड लौटी थीं
जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय मीना देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह भदौरिया निवासी शांति नगर सोमवार को ग्वालियर से दवा लेकर भिंड लौटी थीं। वह सुभाष तिराहे पर बस से उतरकर पैदल घर जा रही थीं। घर से करीब पांच मकान पहले मुकेश बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के पास बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने सिर पर तौलिया बांध रखी थी।
महिला को आवाज देकर रोका... कहा, छोटे बेटे विजय की होने वाली है मौत
युवक ने महिला से शर्मा जी का मकान पूछा और खुद को ब्राह्मण बताते हुए मथुरा से आने की बात कही। कुछ दूर जाने के बाद उसने महिला को दोबारा आवाज देकर रोका और कहा कि उनके छोटे बेटे विजय की मौत होने वाली है। इस अनहोनी को टालने के लिए पूजा-पाठ कराना पड़ेगा।
इसके बाद युवक ने अपनी तौलिया महिला को देकर आंखें बंद करने और सोने के जेवर उतारकर उसमें रखने को कहा। महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र और कान के टाप्स तौलिया में रख दिए। युवकों ने उन्हें एक फेरी लगाने को कहा। इसी दौरान दोनों जेवर लेकर बाइक से भाग निकले।
आंखें खोलने पर महिला ने युवकों को भागते देखा और रोने लगीं। सूचना पर परिजन पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस महिला को देहात थाने लेकर पहुंची।
महिला के साथ जेवर ठगी की सूचना मिली है। मामले की जानकारी लेकर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जाएगी। - शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई थाना देहात।