
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर कथावाचक धीरेंद्र कुमार शास्त्री द्वारा भागवत कथा के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को यादव समाज एवं यदुवंशी संगठन ने प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और कृष्ण भक्तों ने मौ थाने पहुंचकर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कथावाचक ने कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को तीन जगह से टेढ़ा बताते हुए बांसुरी बजाने को लेकर टिप्पणी की थी। इससे कृष्ण भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। यादव समाज का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और उनके प्रति इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह यादव (संजू फौजी) एवं गोहद विधानसभा अध्यक्ष मोहकम सिंह यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उनके प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर गिर्राज यादव, रिंकू यादव, भारत सिंह यादव, दीपक यादव, संजीव यादव, लला कुशवाह, नवल यादव, राजा यादव सहित यादव समाज एवं यदुवंशी संगठन के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर उबला यादव समाज, कलेक्टर को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांगफोटो-कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते समाज के लोग नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। भगवान श्रीकृष्ण को ‘आड़ा-टेढ़ा कहने वाले बयान को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। उनके इस बयान को धर्म और सामाजिक सद्भाव पर चोट बताते हुए अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने शिवपुरी में मोर्चा खोल दिया है।
महासभा के जिला अध्यक्ष श्याम सिंह यादव के नेतृत्व में सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि धीरेंद्र शास्त्री ने एक धार्मिक मंच से भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में अंतर बताते हुए श्रीकृष्ण के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है।
यह भी पढ़ें- भगवान राम-कृष्ण वाले बयान पर घिरे बाबा बागेश्वर, हाथ जोड़कर मांगी माफी, बोले- हमसे चूक हो जाती है
समाज में उनके बयान का विरोध सामने आने के उपरांत कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री ने भी बिना समय गंवाए समाज से क्षमा मांग ली है। उनका क्षमा मांगने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री ने उनके द्वारा दिए गए बयान को भाव के वसीभूत दिया गया बयान बताया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गाेपियां, भगवान कृष्ण पर भाववश तंज कसती थीं, यह उसी तरह से है। कल तक राम और कृष्ण में भेद कर रहे धीरेंद्र शास्त्री अब राम और कृष्ण को एक ही बताते नजर अा रहे हैं।