
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। जिले के चांदौख निवासी 35 वर्षीय युवक की मिहोनी थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक गुरुवार रात गांव के पास स्थित पशुशाला में सोने गया था। शुक्रवार सुबह परिजन पहुंचे तो वह चारपाई पर मृत मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमले के गंभीर निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय विश्व प्रताप सिंह राजावत उर्फ वीपी सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद वह पशुशाला में सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह मवेशियों की देखभाल के लिए पहुंचे परिजनों ने उसे मृत अवस्था में देखा। शुरुआती तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है।
स्वजन ने परिवार के कुछ नजदीकी लोगों से लंबे समय से विवाद चलने की बात कही है। उनका कहना है कि दो-तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, हत्या के कारणों और आरोपितों की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर पहुंच गए। यहां शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन हत्या के संदेहियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि केवल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बजाय उन लोगों के नाम भी प्राथमिकी में शामिल किए जाएं, जिन पर उन्हें संदेह है। इस दौरान मौके पर विरोध और हंगामे की स्थिति बनी रही।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर के डबल मर्डर का पर्दाफाश, 19 लाख के लोन की रकम के लालच में सहकर्मी शिक्षिका के पति ने की मां-बेटे की हत्या
एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी के अनुसार, युवक की हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत और उनके द्वारा जताए गए संदेह को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।