राज्य ब्यूरो, भोपाल: राजधानी भोपाल में बुधवार को राज्य सरकार के केबिनेट की बैठक आयोजित हुई है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिया गया है। जिसमें रक्षा बंधन पर 1 करोड़ 27 लाख लाडली बहनों को 1500 रूपये की राशि देने की बात सहित अन्य योजना के संबंध में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने जानकारी दी।
निवेश लाने के लिए सीएम जाएगें दुबई और स्पेन
कैबिनेट बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में निवेश लाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 से 19 जुलाई तक दुबई और स्पेन की यात्रा पर जाएंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने यह जानकारी केबिनेट के पहले हुई चर्चा को लेकर दी। साथ ही बताया कि लुधियाना में 15606 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
भारत सरकार से मिले कैंपा फंड 1478.38 करोड़ की स्वीकृति दी गई। इससे वन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
धरती आबा योजना के तहत 66 नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की स्वीकृति दी गई।
कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया गया है। कैबिनेट ने फैसला लिया है कि कृषि सिंचाई जल कर की राशि पर 35 लाख किसानों की दंड राशि 84.17 करोड़ रुपए माफ किए जाएंगे, जो राशि सरकार भरेगी। प्रदेश के 35 लाख किसान समझौता लाभ उठाएंगे।
किसानों के सिंचाई के लिए बकाया कर के ब्याज और दंड की राशि माफ की जाएगी। केवल किसानों का ब्याज पर दंड माफ किया जा रहा है, उनको मूल देना पड़ेगा। राज्य में यह योजना मार्च 26 तक यह योजना लागू रहेगी।
मूंग का कुल उपार्जन 40 प्रतिशत बढ़ाने केंद्र सरकार को पत्र लिखा जायेगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने बताया कि प्राइज सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत मूंग में 3.51 लाख को मंजूरी है और 8 लाख के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी को आवेदन पत्र लिखा है।